दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बना ली है। टीम ने मंगलवार को खेले गए एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में दिल्ली ने 169 रन का टारगेट 15.4 ओवर में 3 विकेट पर चेज कर दिया।
लौरा वोलवार्ट ने नाबाद 32 रन बनाए। जबकि कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने 41 रन की पारी खेली। ओपनर लिजेल ली (43 रन) और शेफाली वर्मा (31 रन) फिफ्टी पार्टनरशिप करके रन चेज को मजबूत शुरुआत दिलाई।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए थे। बेथ मूनी (51 बॉल पर 62 रन) ने फिफ्टी लगाई। जॉर्जिया वेयरहम 35 रन बनाकर आउट हुईं। दिल्ली से शिनेल हेनरी ने 3 विकेट झटके। नंदनी शर्मा को 2 विकेट मिले।
5 फरवरी को RCB से होगा फाइनल मैच
दिल्ली का फाइनल मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ 5 फरवरी को वडोदरा में ही खेला जाएगा। बेंगलुरु ने लीग राउंड के बाद पॉइंट्स टेबल के टॉप पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात जायंट्स: बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा, एश्ले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहम, भारती फूलमाली, कनिका आहूजा, काशवी गौतम, तनुजा कंवर, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स: लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लौरा वोलवार्ट, जेमिमा रोड्रिग्ज (कप्तान), मारिजान कैप, शिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, नंदनी शर्मा और श्री चरणी।