द्रव्यवती नदी किनारे एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर की डीपीआर को मंजूरी:स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनेगा, जगतपुरा के महल रोड पर 12 करोड़ से सुधरेगी यू-टर्न व्यवस्था

जयपुर शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने कई बड़े फैसले लिए हैं। जेडीए की प्रोजेक्ट वर्क्स कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की शुक्रवार को बैठक में द्रव्यवती नदी के किनारे प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने सहित कई विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। जेडीए इन परियोजनाओं पर करोड़ों रुपए खर्च करेगा।

बैठक की अध्यक्षता जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने की। बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए द्रव्यवती नदी के साथ प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 6 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई। परियोजना से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

नदी पर बॉक्स कल्वर्ट और नई सड़कें

द्रव्यवती नदी पर चार स्थानों पर बॉक्स कल्वर्ट निर्माण के लिए 16.67 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इससे आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा। इसके अलावा जोन-9 के हरे कृष्ण मार्ग (महल रोड) पर एट-ग्रेड यू-टर्न सुविधा के निर्माण कार्य को 12.12 करोड़ रुपए की कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। वहीं जोन-6 की लोहा मंडी योजना के शेष क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 6.09 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी जारी की गई।

वहीं खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए द्रव्यवती नदी के किनारे आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण और विकास के लिए 7.90 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई। साथ ही जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद को प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम के लिए आवंटित भूमि की प्लानिंग को भी मंजूरी दी गई।

टोंक रोड क्षेत्र में लैंड पूलिंग स्कीम

बैठक में टोंक रोड स्थित शिवदासपुरा, चंदलाई और बरखेड़ा क्षेत्र में प्रारंभिक लैंड पूलिंग स्कीम प्रस्तुत करने की अनुमति दी गई है। इससे इन क्षेत्रों का योजनाबद्ध विकास संभव हो सकेगा। इसके अलावा नगर निगम हेरिटेज की अमृत 2.0 योजना के तहत सीवरेज पंपिंग स्टेशन के लिए भूमि आवंटन, जेडीए और रीको के बीच ट्रांसफर 4.57 हेक्टेयर भूमि की प्लानिंग और जेडीए की सेंट्रल स्पाइन योजना के ब्लॉक-2 की री-प्लानिंग को भी स्वीकृति दी गई।

जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने कहा- इन परियोजनाओं के लागू होने से शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं जयपुर के सुनियोजित विकास को गति मिलेगी। बैठक में जेडीए सचिव निशांत जैन, आयोजना निदेशक मृणाल जोशी और निदेशक अभियांत्रिकी प्रथम देवेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

E-Paper 2025