डीग जिले की सीकरी थाना पुलिस ने नाबालिग के किडनैप और रेप के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पिछले 3 साल से फरार था और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
यह मामला 28 दिसंबर 2022 का है, जब सीकरी क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नाबालिग को तो बरामद कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी अरुण जाट तब से फरार चल रहा था।
डीग एसपी ने आरोपी अरुण जाट पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। सीकरी थानाधिकारी मुकेश चेची ने बताया कि आरोपी की मुंबई में होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एएसआई हंसराम सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम मुंबई भेजी गई। तकनीकी सहायता और गहन प्रयासों के बाद टीम ने आरोपी अरुण जाट को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।