दानापुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 13 के लाल कोठी में अवैध रूप से बिना लाइसेंस के स्लॉटर हाउस चल रहा है। यहां से बड़े पशुओं का खून नाले में बहाया जा रहा था। संक्रामक फैलने की आशंका को देखते हुए छावनी परिषद प्रशासन ने अस्पताल मोड के पास बने नाले को ईट-पत्थर से बंद कर दिया है।
इस कारण अब नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और नाला ओवरफ्लो हो गया है। जानकारी के अनुसार, छावनी परिषद प्रशासन 2020 से लेकर अब तक एसडीओ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और थानाध्यक्ष को कई बार पत्र लिखकर रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे स्लॉटर हाउस को बंद करने की मांग कर चुका है।
लाल कोठी कसाई टोला में बने स्लॉटर हाउस से बड़े जानवरों का खून नाले में बहाया जाता है। यह रक्त अस्पताल मोड होते हुए देवननाला से होकर गंगा नदी में जाता है, जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है।
कैदियों-पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर खतरा
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी पदाधिकारी सपन कुमार ने बताया कि नाले से बहने वाला खून उपकारा के पीछे से होकर देवननाला में गिरता है। इससे उपकारा में बंदियों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र में हजारों सुरक्षाबल रहते हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सफाई को देखते हुए नाला बंद किया गया है।
शिकायत के बाद बंद किया नाला
स्थानीय निवासी सुजीत कुमार ने बताया कि पहले इस क्षेत्र में बड़े पशुओं को काटा जाता था और उनका खून नाले में बहाया जाता था। इसकी शिकायत छावनी परिषद में कई बार की गई थी, जिसके बाद परिषद ने नाला बंद कर दिया है।
इस क्षेत्र में हजारों लोग रहते हैं, जिनके घरों का गंदा पानी इसी नाले में गिरता है। नाला अचानक बंद होने से स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई वर्षों से इस वार्ड का नाले का पानी छावनी क्षेत्र में बने नाले में जाता रहा है।