पंजाबी सिंगर रविंदर सिंह उर्फ काका फिजिकल रिलेशन पर अपनी बेबाक बातों से चर्चा में है। काले जहे लिवास दी शौकीनण कुड़ी…फेम काका इन दिनों निजी जिंदगी, प्यार, सेक्सुअल रिलेशन और धर्म को लेकर बातें कर रहे हैं। काका का कहना है कि अब म्यूजिक से उनका दिल भर गया है। वह एक एप ला रहे हैं, जिससे लोगों की जिंदगी बदलेगी।
ओशो की फिलॉसफी को मानने वाले काका ने कहा कि वह प्यार में यकीन नहीं रखते। हां इतना जरूर है कि उनकी गर्लफ्रेंड जरूर है। काका ने कहा कि फिजिकल रिलेशन उनके लिए खूबसूरत चीज है। गीतों में लड़कियों के बोल्ड सीन दिखाने के सवाल पर काका कहते हैं कि एक समय था जब मैं लड़कियों दूर रहता था। कम कपड़ों वाले सीन पैग लगाकर करने पड़ते थे।
सिंगर काका ने अपनी जिंदगी को लेकर किए कई खुलासे
- रिलेशनशिप पर बोले- 5 साल से डेट कर रहा हूं, शादी नहीं करूंगा : अक्सर अपनी सादगी के लिए पहचाने जाने वाले काका ने अपनी निजी जिंदगी का एक बड़ा राज खोला। उन्होंने स्वीकार किया कि वे पिछले 5 साल से एक रिलेशनशिप में हैं, लेकिन वे शादी के सख्त खिलाफ हैं। काका ने कहा-मेरे लिए शादी एक बंधन है। हमारे समाज में लोग पार्टनर पसंद न होने पर भी नरक जैसी जिंदगी बिताते हैं क्योंकि वे शादी के बंधन में बंधे होते हैं। मेरी पार्टनर और मेरी डील साफ है। जब तक हम एक-दूसरे को अच्छे लग रहे हैं, साथ हैं। जिस दिन कड़वाहट आएगी, हम अलग हो जाएंगे।
- जब तक लड़की न कहे, मैं पास नहीं जाता : पॉड कास्ट के दौरान अपने पुराने विवादित बयान पर सफाई देते हुए काका ने कहा कि मैं फिजिकल रिलेशन को खूबसूरत मानता हूं। हां उसमें सहमति होना जरूरी है। मुझमें इतना आत्म-सम्मान है कि जब तक कोई लड़की खुद मुझे पास बैठने के लिए न कहे, मैं उसके करीब नहीं जाता।
- लड़कियों के मामले में लड़कों को घमंडी होना चाहिए : काका ने कहा कि कई लड़के लड़कियों के पीछे पागल हो जाते हैं। उन पर बेमतलब मरने-मारने पर उतारू हो जाते हैं। उनको देखते हैं। लड़कियों तो बेवजह अपने मजे के लिए ताड़ते हैं। मुझे लगता है कि ऐसे लड़के गलत होते हैं। लड़कियों के मामले में लड़कों को घमंडी होना चाहिए। जब तक लड़की आकर न कहे, उसे देखना तक नहीं चाहिए। काका ने कहा कि यूरोप में देखो चाहे लड़कियां कितने भी शार्ट कपड़ों में हों लड़के देखते तक नहीं हैं। पुरुषों में इतनी ईगो होनी चाहिए कि वे किसी के पीछे न भागें।
खुद को बताया फुकरा और नास्तिक
काका ने अपनी लुक्स और धर्म को लेकर भी चौंकाने वाली बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वे घंटों शीशा देखते हैं और खुद को दुनिया में सबसे सुंदर मानते हैं। धर्म पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह नास्तिक हूं। मैंने देखा है कि लोग गरीबों का हक मारते हैं और सुबह नंगे पैर गुरुद्वारे जाते हैं। यह सब ढोंग है।
मैं पिछले जन्म के कर्मों जैसी बातों को फ्रॉड मानता हूं। उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए यह भी कहा कि अगर इतिहास में औरंगजेब जीत जाता और सब एक ही धर्म के हो जाते, तो आज धर्म के नाम पर वोट की राजनीति न होती।
एक्टिंग के लिए पीनी पड़ी शराब
गानों में महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने के सवाल पर काका ने स्वीकार किया कि वे कुछ हद तक लचर रहे हैं। उन्होंने खुलासा किया कि एक गाने में बोल्ड सीन करने के दौरान उन्हें इतनी शर्म आ रही थी कि उन्हें तीन पैग शराब पीनी पड़ी, हालांकि उससे उनका काम और मुश्किल हो गया।
अब म्यूजिक’ से हो रहे हैं बोर, ला रहे हैं नई ऐप
काका ने कहा कि वे अब संगीत से थोड़ा ऊब चुके हैं और कुछ नया करना चाहते हैं। वे फिलहाल एक ऐसी सेफ्टी ऐप पर काम कर रहे हैं, जो संकट के समय लोगों को इकट्ठा करने और अपराध रोकने में मदद करेगी।