पंजाब का ‘सरकारी हेलिकॉप्टर मिसयूज’ पोस्ट करने वालों पर FIR:इनमें RTI एक्टिविस्ट-इन्फ्लुएंसर, सोशल मीडिया चैनल भी; CM मान तब विदेश में थे

पंजाब के सीएम भगवंत मान के इस्तेमाल किए जाने वाले सरकारी हेलिकॉप्टर के मिसयूज पर पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, RTI एक्टिविस्ट और सोशल मीडिया चैनल पर FIR कर दी है। पंजाब पुलिस की दर्ज FIR में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इन लोगों ने गलत जानकारी फैलाई।

इन लोगों ने कहा कि जिस समय पंजाब सीएम जापान और दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर थे, उस समय उनका हेलिकॉप्टर कोई और ही इस्तेमाल कर रहा था। इसको लेकर उड़ान-ट्रैकिंग डेटा की गलत व्याख्या की गई थी। यह केस लुधियाना साइबर क्राइम पुलिस थाने के SHO इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने दर्ज कराई है।

यह FIR 12 दिसंबर को दर्ज की गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गुप्त रखा था। जिन लोगों पर FIR दर्ज की गई है, उनमें इन्फ्लुएंसर मिंटू गुरुसरिया और RTI एक्टिविस्ट माणिक गोयल का भी नाम है।

हेलिकॉप्टर पर दर्ज FIR में क्या कहा गया..

  • हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल में गलत दावेः FIR में बताया गया है कि सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की विदेश यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर के गलत इस्तेमाल की बता कही गई, जो गलत निकली है। इस पर, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 353(1), 353(2) और 61(2) के तहत दर्ज किया गया है।
  • झूठी और भ्रामक कहानी बनाईः पुलिस ने कहा कि सामग्री की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उड़ान-ट्रैकिंग डेटा की गलत व्याख्या की गई, असंबंधित दृश्यों का चयनात्मक उपयोग किया गया और भड़काऊ टिप्पणी की गई, जिससे एक झूठी और भ्रामक कहानी बनाई गई।
  • अधिकारी ने ही इस्तेमाल कियाः पोस्ट में हेलिकॉप्टर के गलत उपयोग का दावा करने का प्रयास किया गया, जो कि आधिकारिक रिकॉर्ड के विपरीत है। पंजाब के नागरिक उड्डयन विभाग ने साफ किया है कि हेलिकॉप्टर का उपयोग एक अधिकारी द्वारा किया गया था, जिसे संबंधित अवधि के दौरान अधिकृत किया गया था।
  • संवैधानिक संस्थानों का विश्वास को गिराने की कोशिशः पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसी सामग्री के प्रसार से जनता को गुमराह किया जा सकता है, संवैधानिक संस्थानों में विश्वास कम हो सकता है। आधिकारिक कामकाज बाधित हो सकता है और पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
  • साजिश में कौन-कौन शामिल, देखा जाएगाः पुलिस ने कहा है कि जांच के दौरान दावे को लेकर इस्तेमाल सामग्री की प्रामाणिकता, सटीकता और उत्पत्ति की पूरी तरह से जांच की जाएगी। FIR में कथित दुष्प्रचार के प्रसार में शामिल किसी भी अतिरिक्त साजिशकर्ता या सहयोगियों की पहचान करने की बात भी लिखी है।
  • इन लोगों पर हुई FIR: FIR के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने मिंटू गुरुसरिया, गगन रामगढ़िया, हरमन फार्मर, मनदीप मक्कड़, गुरलाल एस मान, सनाम्मू धालीवाल, माणिक गोयल, अर्जन लाइव, दीप मंगली और लोक आवाज टीवी के नाम से चल रहे खातों द्वारा अपलोड किए गए कई फेसबुक पोस्ट को चिह्नित किया।

RTI एक्टिविस्ट बोले- जानकारी मांगी तो FIR कर दी

उधर, आरटीआई एक्टिविस्ट मानिक गोयल ने कहा मैंने कई बार सरकार से कई मुद्दों को लेकर सवाल किया, लेकिन कभी कोई जवाब मुझे नहीं मिला। अब यदि सवाल पूछने पर भी मामला दर्ज किया जाएगा, तो जनता कैसी अपने मुद्दे रख सकती है। सभी को पता है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का हेलिकॉप्टर अरविंद केजरीवाल इस्तेमाल कर रहे हैं, जनता की मेहनत की कमाई को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।

E-Paper 2025