पंजाब और चंडीगढ़ में सरकारी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में आज से ओपीडी का समय बदल गया है। इससे काउंटर एक घंटे देरी से खुलेंगे। वहीं रजिस्ट्रेशन काउंटर आधा घंटा पहले खुलेगा।
प्रशासन का कहना है कि सर्दियों को देखते हुए ये निर्देश दिए गए हैं। नए आदेश आज (16 अक्टूबर) से ही लागू हो जाएंगे। जबकि इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह ही 24 घंटे नियमित रूप से चलती रहेगी।
चंडीगढ़ और पंजाब में समय बदलने से गवर्नमेंट-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, डिस्पेंसरी, आदि पर प्रभाव पडे़गा। गंभीर हालत में मरीज इमरजेंसी सेवाओं का यूज कर सकते हैं।
क्या हुआ अस्पतालों का नया समय
सरकारी आदेशों के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में अस्पतालों की ओपीडी का समय अब सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। ये आदेश 16 अक्टूबर से 15 अप्रैल तक लागू रहेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सर्दियों में धुंध, कोहरे की समस्या रहती है, इसे देखते ही ये आदेश जारी किए गए हैं। 15 अप्रैल 2026 के बाद दोबारा से सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे का समय लागू हो जाएगा।
चंडीगढ़ में इनकी टाइमिंग बदली
चंडीगढ़ में समय बदलने का आदेश गवर्नमेंट मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-16, के अंतर्गत आने वाली डिस्पेंसरी, सिविल हॉस्पिटल सेक्टर-22, सिविल हॉस्पिटल मनीमाजरा और सिविल हॉस्पिटल सेक्टर-45 में लागू होगा। अभी इन अस्पतालों और डिस्पेंसरी में ओपीडी का समय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक है। वहीं चंडीगढ़ प्रशासन का कहना है कि ईएसआई डिस्पेंसरी सेक्टर-29 और सेक्टर-23, UT सचिवालय और हाईकोर्ट डिस्पेंसरी के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अब जानें पंजाब में कब मिलेगी ओपीडी सेवा
पंजाब की भी सभी सेहत संस्थाएं अब सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगी, जबकि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चलेंगी। इन संस्थाओं में सभी जिला अस्पताल, सब-डिवीजनल अस्पताल, प्राइमरी हेल्थ सेंटर, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, आम आदमी क्लिनिक, ईएसआई अस्पताल और डिस्पेंसरियां शामिल हैं।
आधा घंटा पहले खुलेंगे रजिस्ट्रेशन काउंटर
रजिस्ट्रेशन काउंटर अस्पताल खुलने के तय समय से आधा घंटा पहले खुलेंगे, जिससे पर्ची बनवाने के समय मरीजों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े। मरीज अपनी जांच और इलाज का काम आराम से समय पर करवा सकें। सिविल सर्जन दफ्तर का काम पहले की तरह सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।