पंजाब में आज दोपहर से नहीं चलेगी पीआरटीसी की बसें:किमी स्कीम के विरोध में उतरे मुलाजिम, लोगों को उठानी पड़ेगी दिक्कत

पंजाब में आज (17 नवंबर) दोपहर 12 बजे से पंजाब रोडवेज और PRTC की बसें नहीं चलेंगी। पंजाब रोडवेज पनबस और PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन किलोमीटर स्कीम के विरोध में आ गए हैं। उनका कहना है कि टेंडर खुलता है तो वह हड़ताल पर चले जाएंगे। सरकार किलोमीटर स्कीम के तहत निजी बसों का टेंडर खोलकर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

वहीं, वे कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने की मांग कर रहे हैं। यूनियन के नेताओं का कहना है कि हम पहले ही सरकार को बता चुके हैं कि किलोमीटर स्कीम घाटे का सौदा है, लेकिन इसके बाद भी इस दिशा में कार्रवाई हो रही है।

संघर्ष को दो प्वाइंटों में जानें –

1. ऐसे तैयार की है संघर्ष की स्ट्रेटजी

मुलाजिम दोपहर 12 बजे से पंजाब रोडवेज, पनबस और PRTC की बसें पूरी तरह खड़ी कर देंगे। सभी डिपो कमेटियों को डिपो में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। पहला धरना PRTC चेयरमैन और MD के आवास व हेड ऑफिस के बाहर होगा।

2. कल चंडीगढ़ में CM आवास का घेरावयू

नियन ने चेतावनी दी है कि अगर यह चीज आगे चलती है तो 18 नवंबर को मुलाजिम चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर “पक्का धरना” देंगे। संगठन ने सभी डिपो कमेटियों को पूरी तैयारी के साथ चंडीगढ़ पहुंचने को कहा है।

दो बार सरकार टाल चुकी है टेंडर खोलने का फैसला

पंजाब सरकार इससे पहले दो बार किलोमीटर स्कीम के टेंडर खोलने की कोशिश कर चुकी है। एक दिन रक्षाबंधन से ठीक पहले टेंडर खुलने थे। जैसे ही दोपहर 12 बजे हुए, तो पूरे पंजाब में PRTC की बसें रुक गईं। लोग बस स्टैंडों पर फंस गए। इसके बाद सरकार टेंडर खोलने की तारीख आगे बढ़ा दी। इसके बाद तरनतारन विधानसभा उपचुनाव चल रहा था। इस दौरान 23 अक्टूबर को टेंडर खोलने की तैयारी थी। लेकिन फिर बसें रुकीं और सरकार ने तुरंत इस संबंधी डेट आगे बढ़ाने का लेटर जारी कर दिया था। इसके बाद अब आज सरकार की तरफ से टेंडर खोले जाने हैं।

577 रूटों पर चलती हैं PRTC बसें

पंजाब रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (PRTC) की बसें वर्तमान में 577 रूटों पर संचालित होती हैं। इनमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के मार्ग शामिल हैं। हर दिन PRTC की बसें लगभग 3,55,827 किलोमीटर का सफर तय करती हैं। निगम में कुल 3,065 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 1,310 नियमित कर्मचारी और 1,755 कॉन्ट्रैक्ट (आउटसोर्स) कर्मचारी शामिल हैं।

E-Paper 2025