पंजाब DIG पर आय से अधिक संपत्ति का केस संभव:IT रिटर्न में 18 करोड़ का दावा, CBI मिलान कर रही, गड़बड़ी पर ED करेगी जांच

चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बंद DIG रोपड़ रेंज IPS हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ कभी भी आय से ज्यादा संपत्ति बनाने का मामला दर्ज हो सकता है। अब कभी भी ED यानी एन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट इस केस में शामिल हो सकती है।

मंडी गोबिंदगढ़ के एक व्यापारी से रिश्वत लेने के आरोप में 16 अक्टूबर को गिरफ्तार DIG भुल्लर के घर से CBI को करीब 50 संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें कई बेनामी संपत्तियां भी हैं।

DIG भुल्लर ने अपनी इनकम टैक्स रिटर्न में 18 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का दावा किया था। अब CBI इन दस्तावेजों और उनकी घोषित संपत्ति का मिलान कर रही है।

अगर जांच में गड़बड़ी पाई जाती है तो उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होना तय है। डीआईजी भुल्लर के घर से 7.5 करोड़ रुपए नकद, ढाई किलो सोना, 24 महंगी घड़ियां और फॉर्म हाउस समेत कई दस्तावेज बरामद हुए।

फॉर्म हाउस और घर से शराब मिलने के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अलग से मामला भी दर्ज किया गया है।

इनकम टैक्स रिटर्न और कुल आय का ब्योरा

DIG हरचरण सिंह भुल्लर ने केंद्र सरकार के पास 1 जनवरी, 2025 तक की इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल की थी। रिटर्न के अनुसार उनका मूल वेतन 2,16,600 रुपए प्रति माह है, जो 58 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) के साथ लगभग 3.20 लाख रुपए प्रति माह हो जाता है। वेतन का लगभग 30 प्रतिशत आयकर में जाता है। आयकर कटने के बाद उनका वार्षिक वेतन करीब 27 लाख रुपए रह जाता है। इसके अलावा अन्य स्रोतों से 11.44 लाख रुपए की वार्षिक आय दर्ज की गई है। इस तरह उनकी कुल वार्षिक आय लगभग 38.44 लाख रुपए होती है।

परिवार की अचल संपत्तियां क्या है?

  • जालंधर में 6 कनाल का फार्महाउस: भुल्लर परिवार के पास कुल आठ अचल संपत्तियां हैं। इनमें सबसे पुरानी संपत्ति जालंधर के कोट कलां में छह कनाल का फार्महाउस है, जिसकी कीमत दो करोड़ रुपए बताई गई है। यह संपत्ति उन्हें 6 अगस्त 1993 को अपने पिता महल सिंह भुल्लर से विरासत में मिली थी।
  • चंडीगढ़ में 1.5 करोड़ का एक फ्लैट: चंडीगढ़ के सेक्टर-39बी में परिवार का एक फ्लैट है, जो वर्ष 1999 में छह लाख रुपए में खरीदा गया था और वर्तमान में इसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपए है। लुधियाना के अयाली खुर्द गांव में परिवार ने 2005 में 3 कनाल 18 मरला जमीन 7.35 लाख रुपए में खरीदी थी, जिसकी मौजूदा कीमत 2.10 करोड़ रुपए है।
  • मोहाली में 20 लाख में फ्लैट खरीदा: इसी वर्ष 2005 में मोहाली के सेक्टर-90 में चंडीगढ़ ओवरसीज कोऑपरेटिव सोसाइटी के तहत 20 लाख रुपए का एक फ्लैट खरीदा गया था, लेकिन उसका कब्जा अब तक नहीं मिला है क्योंकि मामला जिला उपभोक्ता फोरम, चंडीगढ़ में लंबित है। इस फ्लैट का वर्तमान बाजार मूल्य अभी घोषित नहीं किया गया है।
  • 2008 में 528 गज मकान खरीदा: चंडीगढ़ के सेक्टर-40बी स्थित 528 गज के मकान की मौजूदा कीमत पांच करोड़ रुपए बताई गई है। यह मकान वर्ष 2008 में 1.32 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। कपूरथला जिले के गांव खजुराला में भुल्लर परिवार के पास पांच कनाल जमीन है, जो 2014 में ट्रांसफर के जरिए प्राप्त हुई थी और जिसकी मौजूदा कीमत 60 लाख रुपए आंकी गई है।
  • लुधियाना में 3 करोड़ की जमीन: इसके अलावा लुधियाना जिले के गांव मंड शेरिया में करीब 15 एकड़ जमीन ट्रांसफर के जरिए हासिल की गई थी, जिसकी मौजूदा कीमत तीन करोड़ रुपए बताई गई है। वहीं, वर्ष 2023 में परिवार ने न्यू चंडीगढ़ में ओमेक्स डेवलपर से 1041.87 गज का एक प्लॉट 1.60 करोड़ रुपए में खरीदा है।

घोषित वार्षिक संपत्ति आय क्या है?

भुल्लर ने अपनी रिटर्न में सभी अचल संपत्तियों से कुल 11.44 लाख रुपए की वार्षिक आय घोषित की है। यह आय केवल संपत्ति से संबंधित है। सीबीआई द्वारा बरामद ढाई किलो सोना, घड़ियां, वाहन आदि की कीमत इस घोषणा से अलग है और रिटर्न में शामिल नहीं की गई है।

E-Paper 2025