मोहाली में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर दूसरा विवाह किया। इसके बाद दूसरे पति से दूरियां बनाने लगी। पति ने जांच की तो उसको कई आपत्तिजनक जानकारियां सामने आईं।
जब उसने पत्नी से बात की तो पहले तो वह इनकार करती रही, बाद में उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। पति ने बिना तलाक के दूसरी शादी और कई लोगों से संबंध होने के भी आरोप लगाए हैं। पति की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पत्नी एक आंख के अस्पताल में काम करती है। पति का दावा है कि उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक चैट और तस्वीरें मिली हैं। उसका कहना है कि उसके पास महिला के पहली शादी के दस्तावेज और सबूत मौजूद हैं।
बिचौलिए के माध्यम से देहरादून में हुई शादी: फेज-3 बी2 मोहाली निवासी जगदीश सिंह नाथ ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 19 नवंबर 2023 को देहरादून निवासी निधि शर्मा से हुआ था। यह शादी बिचौलियों के माध्यम से देहरादून में संपन्न हुई थी।
पति से दूरी, किसी से फोन पर लंबी बातचीत: शादी के कुछ समय बाद निधि का व्यवहार बदलने लगा। वह जगदीश से दूरी बनाने लगी और शारीरिक संबंध बनाने से भी बचने लगी। वह अक्सर मोबाइल फोन पर किसी से लंबी बातचीत करती थी। जब जगदीश ने इस बारे में पूछा तो उसने अपनी निजी जिंदगी में हस्तक्षेप न करने को कहा।
मोबाइल चैट से मिली आपत्तिजनक तस्वीरें: निधि देहरादून के एक आई हॉस्पिटल में ऑप्टोमेट्रिस्ट के रूप में कार्यरत थी। इसी दौरान जगदीश को निधि के मोबाइल फोन की चैट में कई आपत्तिजनक मैसेज और तस्वीरें मिलीं। जगदीश ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के कई लोगों के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे, लेकिन निधि ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया।
पहले कर चुकी थी शादी, तलाक भी नहीं लिया: यह मामला तब और गंभीर हो गया जब शिकायतकर्ता को पता चला कि उसकी पत्नी निधि पहले से ही महिमन नेगी नामक व्यक्ति से 29 जून 2018 को शादी कर चुकी थी। यह विवाह पंजीकृत था और तलाक भी नहीं हुआ था, जो बात जानबूझकर छिपाई गई।
पहले तो मानी नहीं शादी फिर झूठे केस में फंसाने की धमकी
जब जगदीश ने इस बारे में निधि और उसके परिवार से सवाल किया, तो उन्होंने पहले इनकार किया। हालांकि, संबंधित दस्तावेज सामने आने पर उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसके बाद जगदीश को कथित तौर पर झूठे दहेज केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने केस दर्ज किया
इस मामले की जांच महिला एवं बाल अपराध शाखा के डीएसपी ने की। जांच रिपोर्ट के आधार पर खरड़ पुलिस ने निधि शर्मा, उसके पिता प्रदीप कुमार और मां शबनम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 316(2), 420, 494 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया है।