कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी आज यानी शुक्रवार को बिहार दौरे पर हैं। वो 12 बजे पटना के सदाकत आश्रम में 2000 महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इसके बाद मोतिहारी पहुंचेंगी, जहां गांधी मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
प्रियंका गांधी बिहार में पहली बार कोई कार्यक्रम कर रही हैं। इससे पहले वो अगस्त में राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने पहुंची थीं।
पहली बार प्रियंका गांधी, महात्मा गांधी की कर्मभूमि मोतिहारी पहुंच रही हैं। उनकी ‘हर घर अधिकारी रैली’ के लिए गांधी मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रियंका गांधी दोपहर 2 से 2:30 बजे के बीच हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन उतरेंगी और वहां से सीधे रैली स्थल जाएंगी। इस दौरान करीब 3000 महागठबंधन के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
गांधी मैदान बना राजनीतिक अखाड़ा
रैली स्थल पर टेंट, मंच और बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है।
लाखों की भीड़ जुटने का दावा
पार्टी नेताओं का दावा है कि रैली में 2 से 3 लाख लोग शामिल होंगे। इनमें महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रहने की उम्मीद है। आसपास के जिलों से कार्यकर्ता और समर्थक रैली स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए हैं।
2000 महिलाओं के साथ संवाद करेंगी प्रियंका
पटना के सदाकत आश्रम में प्रियंका गांधी करीब 2000 महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इसमें बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं शामिल होंगी। इसमें घरेलू काम करने वाली महिलाएं, मनरेगा की मजदूरी करने वाली महिलाएं, जीविका दीदी, आंगनवाड़ी महिलाएं, आशा वर्कर, प्रोफेशनल वकील-डॉक्टर महिलाएं रहेंगी।
प्रियंका गांधी की चर्चा से बीजेपी होगी बेनकाब
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि प्रियंका गांधी सदाकत आश्रम पहुंचेंगी। इसको लेकर प्रदेश के कोने-कोने से महिलाएं आ रही है। इस संवाद में हर वर्ग की महिला को शामिल करने का हमारा प्रयास किया गया है।
महिलाओं का समर्थन मिल रहा है। इसका छटपटाहट बीजेपी में दिखेगा और प्रियंका गांधी के बाद अब दिल्ली से भी महिला नेत्रियां बिहार आएंगी।