पुणे रेव पार्टी में एकनाथ खडसे के दामाद गिरफ्तार:NCP (SP) नेता बोले- कार्रवाई के पीछे राजनीतिक साजिश संभव; मौके से गांजा-शराब, हुक्का जब्त

पुणे पुलिस ने शनिवार देर रात एक रेव पार्टी पर छापेमारी में NCP (SP) नेता एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर को गिरफ्तार किया है। अपार्टमेंट से गांजा, शराब और हुक्का जब्त किया गया है। कुल 7 लोगों की गिरफ्तार हुई है, जिसमें 2 महिलाएं शामिल हैं।

दामाद की गिरफ्तारी पर खडसे ने कहा- पुलिस की कार्रवाई के पीछे कोई राजनीतिक मकसद तो नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं शिवसेना (UBT) नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि यह छापा उन लोगों के लिए संदेश है, जो सरकार के खिलाफ बोलते हैं।

प्रांजल, एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे के पति हैं। रोहिणी NCP (SP) की महिला यूनिट की प्रदेश अध्यक्ष हैं।

प्रांजल खेवलकर समेत सभी 7 आरोपियों पर केस दर्ज

पुणे पुलिस को खराड़ी इलाके में एक स्टूडियो अपार्टमेंट में रेव पार्टी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने छापा मारा।

पुलिस ने बताया कि पार्टी में मौजूद सभी लोग नशे का सेवन कर रहे थे। ड्रग्स, शराब समेत कई नशीली चीजें जब्त की गई है। सभी 7 आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

2 मार्च 2025 को जलगांव के मुक्ताई नगर इलाके में एक मेले के दौरान कुछ लड़कों ने केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी और उसकी सहेलियों से छेड़खानी की थी। रक्षा एकनाथ खडसे की बहू हैं।

इस मामले में रक्षा ने खुद केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, कुछ लड़के रक्षा खडसे की बेटी और उसकी सहेलियों का वीडियो बना रहे थे।

E-Paper 2025