पूर्णिया में विश्वकर्मा मिलन समारोह के बहाने वैश्य स्वर्ण व्यवसायियों ने शक्ति प्रदर्शन किया और NDA को अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के पॉलिटेक्निक चौक स्थित आर्ट गैलरी में हुआ। समारोह में पूर्णिया नगर निगम की उप महापौर पल्लवी गुप्ता और उनके पति अरविंद कुमार उर्फ भोला साह मौजूद रहे। उनकी अगुआई में जिले भर से वैश्य समाज के लोग जुटे। सभी ने एकजुट होकर NDA को अपना समर्थन देने का संकल्प लिया।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा, विशिष्ट अतिथि रायपुर के पूर्व सांसद और भाजपा विधायक सुनील कुमार सोनी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम कर किया। मिलन समारोह में सभी एक दूसरे के गले मिले और समाज की एकजुटता पर बल दिया।
समारोह को राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा, रायपुर के पूर्व सांसद और भाजपा विधायक सुनील कुमार सोनी ने संबोधित किया। राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि 20 साल पहले वैश्य समाज के लोग स्वर्ण व्यवसायी खौफ और दहशत के साए में रहते थे। लूट, हत्या और डकैती जैसी घटनाएं सामान्य थी। 6 बजने से पहले स्वर्ण व्यवसायी अपनी दुकानें बंद कर देते थे।
उन्होंने कहा कि, ‘NDA की सरकार में बिहार का माहौल बदला। अब बिहार तेजी से तरक्की कर रहा है। समाज के लोग बेखौफ होकर व्यवसाय और उद्योग धंधे कर रहे हैं। वे दोबारा से बिहार में वो माहौल नहीं चाहते। इसलिए बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए आज समारोह के मौके पर स्वर्ण व्यवसायी विश्वकर्मा समाज के लोगों ने एकजुट होकर NDA के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया है।’
यह समारोह नए भारत के निर्माण का संकल्प- अरविंद कुमार
अरविंद कुमार उर्फ भोला साह ने कहा, समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नए बिहार और नए भारत के निर्माण का संकल्प है। जब समाज के सभी वर्ग एक मंच पर आते हैं तो समाज की एकजुटता और भी बढ़ जाती है।
दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इनका जीवन भी संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। पल्लवी गुप्ता ने अपने संबोधन में भाजपा के झारखंड प्रदेश महामंत्री कर्मवीर सिंह के प्रति आभार प्रकट किया। उनके मार्गदर्शन को न केवल पार्टी के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
एनडीए को समर्थन देने की अपील
अरविंद कुमार ने आगे कहा, स्वर्ण व्यवसाय केवल व्यापार नहीं, यह संस्कार और विश्वास की परंपरा है। एकजुट समाज से विकास का असली स्वर्ण युग आता है। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने अपील किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड विजय दिलाएं, क्योंकि यही गठबंधन विकास, सुशासन और स्थिरता की गारंटी है।