फरीदाबाद में प्रॉपर्टी कारोबारी से 17 करोड़ हड़पे:लालच देकर शेयर मार्केट में लगवाई राशि, पुलिस की 20 टीमें कर रही छापेमारी

फरीदाबाद शहर में साइबर ठगो ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी के साथ अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी को अंजाम दिया है। ठगो ने शेयर मार्किट में पैसा निवेश कराकर मोटे मुनाफे का लालच देकर 17 करोड़ रूपए ठग लिए। अब पुलिस की 20 टीमों को इन ठगो को पकड़ने के लिए लगाया गया है, जो अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही है।

मैसेज से शुरू हुई ठगी की कहानी

जानकारी के अनुसार पीड़ित प्रॉपर्टी कारोबारी सेक्टर -15 का रहने वाला है। कुछ समय पहले उसने हाईवे के साथ एक एकड़ जमीन को बेचा था। जिसको बेचकर उसके पास ये पैसा आया था, उसी दौरान उसके मोबाइल पर शेयर मार्किट में निवेश कर मुनाफा कमाने का एक मैसेज प्राप्त हुआ था।

जिसके बाद उसकी मैसेज में दिए गए नंबर पर निवेश को लेकर बात हुई। बात करने वाले साइबर ठग ने अपने आपकों निवेश करने वाली टीम का हिस्सा बताया और अपने अनुभव का हवाला देते हुए मोटा मुनाफा दिलाने की बात कही।

फर्जी एप डाउनलोड कराया

इसके बाठ ठगों ने प्रापर्टी कारोबारी के फोन में एक फर्जी एप डाउनलोड करा दिया था। जिस पर शेयर मार्किट के बारे जानकारी और पैसे निवेश के बारे में बताया गया था। ठगो के बहकावे में आकर कारोबारी ने शुरूवात में छोटे अमाउंट में पैसे इनवेस्ट करना शुरू किया। इस दौरान उसको ऐप पर उसके द्वारा लगाये गए पैसों में मुनाफा दिखाया गया।

17 करोड़ रूपये निवेश किए

कारोबारी ने निवेश किए गए पैसों में मुनाफा देख मोटी रकम निवेश करनी शुरू कर दी। इस तरह उसने कुछ समय में 17 करोड़ रूपए का निवेश कर दिया, लेकिन जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे तो उसके पैसे नही निकल पाए। ठग उसे बहाने बनाकर पैसे निकालने से टालते रहे। जिसके बाद उसको पता चल गया कि उसके साथ साइबर ठगी हो चुकी है।

38 बैंक खातों में रकम ट्रांसफर

पुलिस सूत्रों के अनुसार ठगी की रकम अलग-अलग 38 बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इन खातों और कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। शुरुआत में उन लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है, जिनके बैंक खातों में ठगी की रकम गई।

पुलिस कमिश्नर खुद रख रहे नजर

पीडित की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामले दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता खुद मामले पर नजर रख रहे है। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीम गठित की गई हैं, जो इस ठगी से जुड़े लोगों की पहचान के लिए गठित की गईं 20 टीमें दिल्ली, नोएडा, मुंबई सहित कई शहरों में छापेमारी कर रही हैं।

E-Paper 2025