फर्रुखाबाद में 3.08 करोड़ की सड़क का लोकार्पण:पांचाल घाट पर बनी, जाम और ढलान की समस्या खत्म

फर्रुखाबाद में पांचाल घाट पर 3 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण किया गया। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने इस मार्ग का उद्घाटन किया। यह सड़क पांचाल घाट पुल के निकट से मेला रामनगरिया स्थल तक बनाई गई है।

इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का लोकार्पण सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी और जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने फीता काटकर किया। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित यह सड़क 1350 मीटर लंबी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और मेला सचिव सहित पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

पहले मेला रामनगरिया जाने वाला मार्ग काफी संकरा था, जिससे अक्सर जाम लग जाता था। ढलान अधिक होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। अब सड़क के चौड़ीकरण से जाम की समस्या समाप्त हो गई है। सड़क के किनारे सुंदरीकरण कार्य और फुटपाथ का निर्माण भी किया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान, पीएसी आरक्षी और जेल वार्डन की भर्ती में 3 वर्ष की आयु सीमा बढ़ाए जाने के सवाल पर सदर विधायक ने मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस निर्णय को बहुत स्वागत योग्य बताया।

विधायक ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को प्रस्ताव दिया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से श्री रामनगरिया मेले को राजकीय मेला घोषित करने का भी अनुरोध किया था। इस वर्ष शासन से मेला रामनगरिया के लिए धनराशि भी प्राप्त हुई है। श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

E-Paper 2025