पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के बड़की टेंगरैला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव के गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बुधवार को नौबतपुर थाने में आवेदन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान बड़की टेंगरैला निवासी सुजीत कुमार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। नेहा का मायका जहानाबाद जिले के पाली थाना क्षेत्र के सैदाबाद गांव में है। उसकी शादी वर्ष 2024 में बड़की टेंगरैला निवासी बिगन मांझी के पुत्र सुजीत कुमार से हुई थी।
मृतका की मां लैलून देवी ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें नेहा के ससुराल से फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया कि नेहा ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन बड़की टेंगरैला पहुंचे, लेकिन घर पर ताला लगा हुआ मिला।