बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के किसान प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा जारी अधिसूचना में यह नियुक्ति की गई है। सुधाकर सिंह अपने बेबाक बयानों और किसान आंदोलन तथा कृषि नीति पर सख्त रुख के लिए जाने जाते हैं।
बक्सर पहुंचने पर उनका जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। उन्हें लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सुधाकर सिंह ने कहा, “पार्टी ने हम पर जो भरोसा जताया है, उसे हम पूरी तरह निभाएंगे। हमारा लक्ष्य भारत भर के किसान संगठनों से समन्वय स्थापित करना है। हम किसानों की समस्याओं और मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे।”
प्रकोष्ठों में हुई नियुक्तियां
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने इस नियुक्ति को संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करने और विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए कई प्रकोष्ठों में नियुक्तियां की हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह नियुक्ति बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा करेगी। सुधाकर सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से राजद को ग्रामीण और किसान वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
आने वाले चुनावी माहौल में पार्टी किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठा सकती है। सुधाकर सिंह की नियुक्ति से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में किसान संगठनों के सहयोग से बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। बक्सर समेत पूरे बिहार के किसान वर्ग में इस खबर को लेकर उत्साह है और स्थानीय स्तर पर भी राजद कार्यकर्ता इसे पार्टी की सक्रियता का नया अध्याय मान रहे हैं।