बिहार की महिलाओं को 3 अक्टूबर को मिलेगा बड़ा तोहफा:25 लाख लाभुकों के खाते में आएंगे 10-10 हजार रुपए, सरकार ने तय की 14 तिथियां

बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई। इसके तहत एक बार फिर बड़ी राशि जारी होने जा रही है। 3 अक्टूबर को राज्य की करीब 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹10,000 की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

इसके लिए पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से यह राशि भेजेंगे। कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार या छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित न रहें बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत हों।

PM मोदी ने की थी शुरुआत, अब नीतीश आगे बढ़ा रहे अभियान

इस योजना की शुरुआत 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की थी। उस दौरान प्रधानमंत्री ने 75 लाख महिलाओं के खातों में ₹10-10 हजार की राशि ट्रांसफर की थी। कार्यक्रम में कई जीविका दीदियों ने अपनी कहानियां साझा कीं।

भोजपुर की रीता देवी की तेज रफ्तार में बातें सुनकर PM मुस्कुरा दिए और बोले थे– “आप कितनी तेजी से बोलती हैं, इतनी सारी योजनाएं गिना दीं!”। वहीं, गया की नूरजहां खातून से प्रभावित होकर उन्होंने कहा– “आप हफ्ते में 50 महिलाओं को इकट्ठा कर अपनी बातें बताइए, इससे और लोग प्रेरित होंगे।

प्रधानमंत्री ने बताया जन-धन योजना के तहत बैंक खाता खोलने का महत्व

प्रधानमंत्री ने कहा था कि अगर जन-धन योजना के तहत करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते न खोले गए होते, तो आज इतना पैसा सीधे आपके पास नहीं पहुंच पाता। पहले योजना का पैसा बीच में ही लूट लिया जाता था, लेकिन अब हर एक पैसा सीधे आपके खाते में जमा होता है।

हर शुक्रवार को आएगा पैसा, सरकार ने तय कर दीं 14 तिथियां

बिहार सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक महिलाओं को राशि वितरण के लिए कुल 14 तिथियां निश्चित की हैं। हर शुक्रवार को यह पैसा भेजा जाएगा। सरकार ने कहा है कि यदि आवश्यकता हुई तो तिथियों में बदलाव संभव है, लेकिन लाभार्थी महिलाओं को राशि मिलना लगातार जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना

राशि जारी होने की निर्धारित तिथियां

अक्टूबर 2025- 3, 6, 17, 24, 31 अक्टूबर

नवंबर 2025- 7, 14, 21, 28 नवंबर

दिसंबर 2025- 5, 12, 19, 26 दिसंबर

कैसे मिलेगा लाभ?

महिला लाभार्थी जीविका स्वयं सहायता समूह या ग्राम संगठन (VO) के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। जो महिलाएं किसी समूह से नहीं जुड़ी हैं, वे निर्धारित तिथियों पर सीधे आवेदन जमा कर सकती हैं। राशि सीधे DBT के जरिए बैंक खाते में आएगी, बीच में कोई बिचौलिया नहीं होगा।

22 फीसदी महिला वोटर्स को साधने की तैयारी

2020 के आंकड़ों के अनुसार बिहार में महिला मतदाताओं की संख्या करीब 3.39 करोड़ है। इनमें से लगभग 22 फीसदी महिलाओं को इस योजना का सीधा फायदा मिलेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह योजना केवल आर्थिक सशक्तिकरण ही नहीं बल्कि महिला वोट बैंक को मजबूत करने की कवायद भी है।

E-Paper 2025