बिहार के 514 खिलाड़ियों को मिलेगी स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप:18 खिलाड़ियों को मिलेंगे 20 लाख रुपए; मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देंगे सर्टिफिकेट

बिहार सरकार द्वारा खेल स्कॉलरशिप के लिए खिलाड़ियों से आवेदन मांगे गए थे। अब इन खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। उत्कर्ष, सक्षम और प्रेरणा छात्रवृत्ति योजना के तहत 514 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

इन सभी खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति योजना का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। उत्कर्ष योजना के तहत 18 खिलाड़ियों को 20 लाख रुपए, प्रेरणा स्कॉलरशिप के तहत 367 खिलाड़ियों को 3 लाख रुपए और सक्षम योजना के 129 खिलाड़ियों को 5 लाख तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी।

सीएम नीतीश कुमार सभी खिलाड़ियों को देंगे सर्टिफिकेट

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 1 साल पहले खेल छात्रवृत्ति योजना लागू की गई थी। इस बार भी हमने आवेदन स्वीकार किया है और कमिटी के द्वारा उसकी स्क्रुटनी भी हो गई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सभी को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसके लिए सभी खिलाड़ियों को पटना आमंत्रित किया जाएगा। उत्कर्ष योजना के तहत 18 खिलाड़ी चयनित किए गए हैं। इसके तहत खिलाड़ियों को सालाना 20 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप के माध्यम से मदद मिलेगी।

स्पोर्ट्स इक्विपमेंट, ट्रेनिंग और डाइट की मिलेगी सुविधा

वहीं, सक्षम योजना के तहत 129 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इसके तहत खिलाड़ियों को सालाना 5 लाख तक का स्कॉलरशिप मिलेगा। इसके अलावा प्रेरणा स्कॉलरशिप के तहत दो तरह से एप्लीकेशन इनवाइट किए गए थे। पहला ऑनलाइन और दूसरा मशाल प्रतियोगिता के तहत आवेदन लिए गए थे।

इसमें मशाल प्रतियोगिता के माध्यम से 269 खिलाड़ी और ऑनलाइन के माध्यम से 98 बच्चों का चयन हुआ है। इसके तहत खिलाड़ियों को सालाना 3 लाख तक रुपए स्पोर्ट्स इक्विपमेंट, ट्रेनिंग और डाइट के लिए मिलेंगे। इसके साथ ही कंपटीशन में भाग लेने के लिए कहीं बाहर जाने में भी मदद मिलेगी।

E-Paper 2025