बिहार राज्य महिला आयोग आज अपना 24वां वर्षगांठ मना रही है। इस उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है। उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी राज्य महिला आयोग दफ्तर पहुंचे हैं।
इस मौके पर महिला आयोग की ओर से ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट लॉन्च कर दिया गया है। अब महिलाएं अपनी समस्या को लेकर ऑनलाइन आवेदन करके शिकायत दर्ज कर सकती हैं। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर भी मौजूद हैं।
महिलाएं ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगी शिकायत
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा कि, जो लोग दूरदराज से आकर शिकायत दर्ज करते हैं, उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। इस फॉर्म में आवेदिका को अपने नाम के साथ पूरी जानकारी देनी होगी। साथ ही अपने केस का टाइप भी बताना होगा।
महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षों को किया आमंत्रित
आज के कार्यक्रम के लिए पूर्व में जितनी भी बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रही हैं, उन्हें भी आमंत्रित किया गया। अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा कि, हम लोग यह चाहते हैं सभी पूर्व अध्यक्ष इसकी साक्षी बने, जिन्होंने अपना योगदान महिला आयोग को दिया है। इसके अलावा जितनी भी महिला विधायक और सांसद हैं, उन्हें भी आमंत्रित किया गया है। इस प्रोग्राम में जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।