बिहार से भाजपा को मिला पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष:बांकीपुर के विधायक नितिन नवीन आज करेंगे नामांकन, सबसे युवा अध्यक्ष बनने का भी रिकॉर्ड

पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार के विधायक नितिन नवीन आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी की ओर से एकमात्र नामांकन दाखिल किया जाएगा, जिससे उनका अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।

नितिन नवीन के नामांकन के साथ ही वे बिहार से भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करेंगे। पार्टी की स्थापना के बाद यह 11वां अध्यक्ष होगा।

नामांकन की प्रक्रिया भाजपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय (हेड क्वार्टर) में पूरी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वर्तमान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा है।

नामांकन के 3 घंटे के भीतर बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद केवल तीन घंटे के भीतर पूरी चुनावी औपचारिकता समाप्त हो जाएगी और उसी दिन उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष से पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। हालांकि, औपचारिक घोषणा 20 जनवरी को की जाएगी।

नामांकन और चुनाव की पूरी प्रक्रिया

भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 19 जनवरी को दोपहर 2 से 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम 5 से 6 बजे के बीच नाम वापस लेने का समय निर्धारित है। यदि केवल एक ही नामांकन वैध रहता है, तो चुनाव अधिकारी निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करेंगे।

भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद द्वारा किया जाता है, जिसमें पार्टी के करीब 5,708 सदस्य शामिल हैं। इनमें भाजपा की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं। हालांकि, एकल नामांकन की स्थिति में मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

भाजपा अध्यक्षों का इतिहास

भाजपा के अब तक के राष्ट्रीय अध्यक्षों में अटल बिहारी वाजपेयी, मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, बंगारू लक्ष्मण, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह और वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हैं। इनमें लक्ष्मण और आडवाणी ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने एक से अधिक बार अध्यक्ष पद संभाला।

कौन हैं नितिन नवीन?

45 वर्षीय नितिन नवीन को पार्टी का युवा और संगठनात्मक रूप से मजबूत चेहरा माना जाता है। वे दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। नितिन नवीन लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। वे पांच बार बांकीपुर से विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में बिहार मंत्रिमंडल में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।

E-Paper 2025