मधेपुरा के गम्हरिया थाना क्षेत्र के धुनहा गांव में सोमवार की शाम एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। घायल युवक की पहचान धुनहा निवासी जयप्रकाश कुमार (19) के रूप में हुई है। जयप्रकाश बभनी बाजार में हार्डवेयर की दुकान चलाता है।
सोमवार शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय मानपुर पंचायत के धुनहा गांव के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली जयप्रकाश के जबड़े के पास लगी और कंधे के बगल से निकल गई। घायल युवक को तत्काल जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खतरे से बाहर है युवक
अस्पताल के अनुसार वह अब खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थानाध्यक्ष अकमल हुसैन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल से पूछताछ की और बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपराधियों के बीच खौफ खत्म
गम्हरिया प्रखंड प्रमुख शशि यादव भी अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की अपील की। प्रखंड प्रमुख ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गम्हरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। दिनदहाड़े लूट और गोलीबारी की घटनाएं आम हो गई हैं।
शशि यादव ने एसपी से गम्हरिया थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी मांग की ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा लौट सके।