मानसून सत्र का 13वां दिन:एंटी-डोपिंग और स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल पर चर्चा संभव; विपक्ष का बिहार SIR के मुद्दे पर हंगामा

संसद के मानसून सत्र का आज 13वां दिन है। सदन शुरू होते ही विपक्ष ने बिहार वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन मामले पर हंगामा शुरू कर दिया। लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

लोकसभा में आज नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल 2025 और एंटी-डोपिंग अमेंडमेंट एक्ट पर चर्चा होने की संभावना है। बिल को 23 जुलाई को खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोकसभा में पेश किया था।

इन दोनों बिलों पर लोकसभा में कल चर्चा होनी थी लेकिन विपक्ष के बिहार वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन मामले पर प्रदर्शन और हंगामे के कारण दोनों बिल पर चर्चा नहीं हो सकी। इसके बाद कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आज मन बहुत दुखी है।

बीते दिन राज्यसभा में मणिपुर में लागू राष्ट्रपति शासन की अवधि छह महीने और बढ़ाने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया। वहीं, लोकसभा में गोवा राज्य के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुनः समायोजन विधेयक, 2024 पारित किया गया।

12 दिनों में अब तक 2 दिन चर्चा हुई

21 जुलाई को शुरू हुए मानसून सत्र के बाद से संसदीय कार्यवाही करीब ठप रही है। बिहार में वोटरों के वेरिफिकेशन मामले पर विपक्षी पार्टियों ने हर दिन विरोध-प्रदर्शन किए। 11 दिनों के दौरान, सिर्फ 28 और 29 जुलाई को सदन में पूरे दिन की कार्यवाही चली। दोनों दिन, पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दोनों सदनों में चर्चा हुई थी।

लोकसभा में इन 2 बिल पर चर्चा संभव

नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल 2025- खेल संगठनों और खिलाड़ियों के बेहतर संचालन और पारदर्शिता के लिए लाया गया एक कानून है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारत में खेल संघ (जैसे – BCCI, IOA, हॉकी इंडिया आदि) अच्छे तरीके से काम करें और खिलाड़ियों के अधिकारों और हितों की रक्षा हो।

नेशनल एंटी-डोपिंग एक्ट (अमेंडमेंट) बिल- इस बिल का मकसद खिलाड़ियों में डोपिंग को रोकना है। यह बिल नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) को ज्यादा ताकत देगा और इसे स्वतंत्र संस्था बनाकर जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की कोशिश करेगा।

मानसून सत्र 32 दिन चलेगा, 18 बैठकें होंगी

संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक यानी कुल 32 दिन चलेगा। इस दौरान 18 बैठकें होंगी, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।

केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं।

पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा।

E-Paper 2025