मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का आखिरी दिन:बेगूसराय, शेखपुरा में करोड़ों की योजनाओं का होगा उद्घाटन और शिलान्यास; जनसंवाद भी करेंगे

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तीसरे चरण की समृद्धि यात्रा का आज आखिरी दिन है। CM आज बेगूसराय फिर शेखपुर जाएंगे। इस दौरान वे दोनों जिलों में करीब 630 करोड़ रुपए की अलग-अलग योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

सीएम नीतीश सबसे पहले दोपहर करीब 11 बजे बेगूसराय पहुंचेंगे और फैक्ट्रियों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। यहां से वे शेखपुरा जाएंगे। दोपहर करीब 3 बजे पटना लौट जाएंगे।

118.67 करोड़ की 190 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करेंगे

मुख्यमंत्री यहां कुल 330 करोड़ रुपए की 402 योजनाओं में से 118.67 करोड़ रुपए की 190 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 211.97 करोड़ रुपए की 212 परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही वे बियाडा कैंपस में कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला भी रखेंगे।

बीआईएडीए कैंपस में बनाए गए हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ कैंपस में चल रही विभिन्न फैक्ट्रियों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद जन संवाद कार्यक्रम के तहत जीविका दीदियों और आम लोगों को संबोधित करेंगे।

शेखपुरा के बरबीघा में जनसभा करेंगे नीतीश कुमार

बेगूसराय के बाद नीतीश कुमार शेखपुरा के बरबीघा प्रखंड के सर्वा पंचायत पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से हेलीपैड पर दोपहर 12.50 बजे उतरकर राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए यहां आएंगे।

यहां अलग-अलग प्रोजेक्ट के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री पूरे 2 घंटे 5 मिनट सर्वा में रहेंगे।

300 करोड़ से अधिक की लागत के प्रजोक्ट्स का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सर्वा पंचायत के सर्वा गांव में 300 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी। आखिर में मुख्यमंत्री यहां बने विशाल पंडाल में जनता को संबोधित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक दिन पहले खगड़िया और सहरसा में थे

CM नीतीश कुमार ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे फेज में शुक्रवार को सहरसा पहुंचे थे। CM ने यहां करीब 35 मिनट तक सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के आखिर में मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद नेताओं को आगे आने को कहा।

CM ने लोगों से कहा कि हाथ उठाकर सभी का नमन कीजिए। इसके बाद मुख्यमंत्री खुद सम्राट चौधरी के पास पहुंचे। CM ने डिप्टी CM के कंधे पर हाथ रखा और लोगों से कहा कि इन्हें बताइए कि काम हो रहा है। इस दौरान सम्राट चौधरी हाथ जोड़े खड़े रहे।

CM की स्पीच की 6 बड़ी बातें

  • हमने हिंदू-मुस्लिम झगड़े बंद करवाइए: पुरानी सरकार में आए दिन हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। हमारी सरकार आई तो हमने तेजी से कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवानी शुरू की। झगड़े बंद हुए। इसके बाद कहीं कहीं मंदिरों को लेकर भी विवाद होने लगा। हमने मंदिरों की भी बाउंड्री बनवाई। आज देखिए सब जगह शांति है। पुराने वालों के जैसा झगड़ा झंझट अब कहीं नहीं है।
  • स्वास्थ्य, शिक्षा पर काम किया, सड़कों का जाल बिछाया: 2005 के पहले बिहार में कोई काम नहीं हुआ था। हमारी सरकार आई तो स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से काम किया गया। मेडिकल कॉलेज खुलवाए गए। बेड बढ़वाए गए। स्कूलों के लिए काम हुए। शिक्षकों की संख्या बढ़ाई गई। गांवों को सड़कों के जरिए शहरों से जोड़ा गया। पुल-पुलिया का काम करवाया गया। आज देखिए कहीं से कहीं जाने में आपको कितना कम समय लगता है।
  • जंगलराज की याद दिलाई, लालू पर हमला: पहले वाली सरकार को कभी भूलिएगा नहीं। उन लोगों का समय बहुत डराने वाला था। लोग शाम में डर के मारे घरों से नहीं निकलते थे। महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। सब जगह उनके लोगों की पैरवी और सुनवाई होती थी। उन लोगों ने जनता के लिए कुछ नहीं किया सिर्फ अपनों को बढ़ावा दिया।
  • मुफ्त बिजली, सोलर लगा रहे: बिहार में पहले बिजली का बहुत बुरा हाल था। आज देखिए हम आपको मुफ्त बिजली दे रहे हैं। गांव-गांव तक बिजली पहुंचा दी गई है। अब आपकी छतों पर सोलर लगा रहे हैं। इसके लिए भी आपको कुछ खर्च नहीं आएगा। सब काम सरकार करवा रही है।
  • युवाओं को नौकरी-रोजगार दिए: हमने 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया है। आने वाले 5 सालों में हमने 1 करोड़ नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। अबकी बार युवाओं को नौकरी-रोजगार का लक्ष्य और बढ़ाएंगे।
  • PM मोदी की तारीफ की: PM मोदी लगातार बिहार आ रहे हैं। सब काम देख रहे हैं। केंद्र सरकार हमारी बहुत मदद कर रही है। आगे भी ये मिलती रहेगी। बिहार में अब विकास ही विकास होगा। पुराने वालों ने कुछ किया था। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क जो भी क्षेत्र हो लगातार काम हो रहे हैं।
E-Paper 2025