मुस्कान अस्पताल की लेडी डॉक्टर को धमकी:बदमाश बोला- ₹20 लाख दो वर्ना गोली मार दूंगा; पति भी जींद के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर

हरियाणा के जींद में प्राइवेट अस्पताल चलाने वाली महिला डॉक्टर से फिरौती मांगी गई है। बदमाश ने फोन कर कहा कि 20 लाख रुपए दे दो नहीं तो गोली मार दूंगा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

डॉ. मोनिका पूनिया मुस्कान अस्पताल चलाती हैं। वह जींद के सिविल अस्पताल में गायनोलॉजिस्ट रही हैं। 2024 में रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने खुद का अस्पताल खोल लिया था। इनके पति रघुवीर पूनिया अभी भी सिविल अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ हैं।

सूत्रों के मुताबिक डॉ. मोनिका को कॉल करने वाले व्यक्ति ने शहर में कई और लोगों को भी फिरौती के लिए कॉल की है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

लेडी डॉक्टर की फिरौती मांगने पर 4 बातें…

  • सरकारी डॉक्टर रहीं, खुद का अस्पताल खोला: मुस्कान अस्पताल की संचालिका डॉ. मोनिका पूनिया ने बताया कि मेरा सेक्टर 7-8 के डिवाइडिंग रोड पर सिविल लाइन थाना के सामने ही अस्पताल है। सिविल अस्पताल में डॉक्टर की नौकरी के बाद मैंने अपना खुद का अस्पताल खोला हुआ है।
  • वाट्सऐप पर कुछ भेजा है: डॉक्टर ने आगे कहा कि 7 अगस्त की सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर मेरे पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। उस समय मैं अस्पताल में मरीज देख रही थी। कॉल करने वाले ने कहा कि आपको कुछ वॉट्सऐप किया है, इसके बाद कॉल कट कर दी।
  • दाेबारा कॉल कर बोला- खामियाजा भुगतना: उन्होंने आगे बताया कि कुछ देर बाद फिर से व्यक्ति का कॉल आया, उसने कहा कि आपको वॉट्सऐप पर मैसेज किया है, अभी तक देखा नहीं क्या। आपको इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। मुझे लगा कि किसी मरीज को दिक्कत हो गई होगी, इसलिए मैसेज किया होगा।
  • गोली मारने की धमकी दी: डॉ. मोनिका ने कॉल करने वाले व्यक्ति से कहा कि आप वैसे ही बता दो मैं मैसेज चेक नहीं करती। इस पर व्यक्ति ने कहा कि 20 लाख रुपए दे दो नहीं तो गोली मार दूंगा। इस पर मैंने कहा कि मैं तो डॉक्टर हूं, मेरे पास इतने पैसे कहां से आएंगे। इसके बाद कॉल काट दी। इससे मैं घबरा गई और मैंने तुरंत अपने पति को इसके बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोग SP कुलदीप सिंह से मिले और मामले की शिकायत की।

जांच अधिकारी बोले- डिटेल निकलवा रहे

सिविल लाइन पुलिस के जांच अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला डॉक्टर को मोबाइल पर सीधा फोन किया गया था। जिस नंबर से फोन आया है, उसकी डिटेल निकलवाई जा रही है।

E-Paper 2025