यमुनानगर CMO यौन शोषण विवाद:आरोपी डॉक्टर गिरफ्तारी से बचने के लिए अंडरग्राउंड, जमानत की कोशिशें तेज, वकीलों से साध रहा संपर्क

हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्वास्थ्य विभाग के चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉ. मंजीत सिंह पर लगे यौन उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणियों के आरोपों में नया मोड़ आया है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी CMO फरार है और गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न ठिकानों पर छिपते फिर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, डॉ. सिंह जमानत हासिल करने के लिए कानूनी जुगाड़ में लगे हुआ है, जबकि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामला अब मीडिया और सोशल मीडिया पर हाइलाइट हो चुका है, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई को और गंभीरता से लिया है। वहीं पीड़िता राजनैतिक घराने से होने के चलते भी पुलिस पर गिरफ्तारी का दबाव है।

कॉल कर की थी संबंध बनाने की मांग

20 सितंबर को हुई घटना में पीड़िता, जो यमुनानगर में कंसल्टेंट डॉक्टर हैं, ने आरोप लगाया कि CMO ने वॉट्सऐप कॉल पर अश्लील टिप्पणियां कीं और संबंध बनाने की मांग की। रिकॉर्डिंग में आरोपी के कथित शब्द शामिल हैं:-

“अभी नहीं तो कभी नहीं, 10 से 15 मिनट में तैयार हो जाओ… मैं तेरे साथ संबंध बनाना चाहता हूं।” पीड़िता ने 22 सितंबर को महिला थाना यमुनानगर में FIR दर्ज कराई, जिसमें छेड़छाड़ की धाराएं और SC/ST अधिनियम लागू किया गया।

वकीलों से साध रहे संपर्क

FIR दर्ज होने के तुरंत बाद डॉ. सिंह ने अपना फोन बंद कर लिया और गायब हो गए। स्थानीय सूत्र बताते हैं कि वे गिरफ्तारी से बचने के लिए रिश्तेदारों या दोस्तों के यहां छिपे हुए हैं। साथ ही, जमानत के लिए वकीलों से संपर्क साधा जा रहा है, हालांकि पुलिस की सख्ती के कारण यह मुश्किल साबित हो रहा है।

एएसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि विशेष टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

E-Paper 2025