मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर में विपक्ष पर जमकर बरसे। विकास के काम गिनाते हुए कहा- इससे परिवारवादी परेशान हैं। वो साजिश कर रहे। लेकिन, दंगा करने वाले बिल में घुस चुके हैं। जो नहीं घुसे हैं, उनकी नाक पकड़कर घुसा दिया जाएगा।
योगी ने कहा- गोरखपुर से लेकर बनारस, अयोध्या, लखनऊ और बुंदेलखंड में लगातार नया काम हो रहा। इससे परेशान होकर परिवारवादी उपद्रव करना चाह रहे। उन्हें पता है कि उपद्रव करने वालों से यूपी सरकार कैसा व्यवहार करती है? उन्हें यह भी मालूम है कि यूपी अब उपद्रव प्रदेश नहीं है। 2017 के पहले की हालत सभी को पता है। न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी।
सीएम योगी मंगलवार शाम गोरखपुर में दो नए ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के बाद आयोजित जनसभा के दौरान ये बातें कहीं।
रवि किशन ने मेयर की चुटकी ली
रवि किशन ने गोरखपुर मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव की चुटकी ली। वे मंच पर आए तो कहा- हमारे मेयर साहब कुछ बचाए नहीं, सब कुछ बोल दिए। अगर कोई भाषण देता है तो पीछे भी पलटकर देखना चाहिए है कि हमारे बाद कौन-कौन भाषण देने वाला है।
ये कुल पोथी निकालकर लेकर आए थे। वो भी गणित के साथ। वाह रे प्रभु। इनके पास नगर निगम है तो पूरी चौकड़ी फौज है। अपने राम तो ऐसे ही आ जाते हैं। हमारे पास कुछ नहीं है। महाराजजी का आशीर्वाद है। और हमारा संगठन हमेशा मुस्कुराता रहे। यही देखकर हम खुश हो जाते हैं।
रवि किशन ने जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह का नाम लिया, तभी साधना के पति विधायक फतेह बहादुर ने बताया कि वो यहां मौजूद नहीं हैं। फिर रवि किशन ने कहा- हमने अर्द्ध-नारीश्वर के रूप में आधा आपको देख लिए। हमको पगलाओ मत। हम बड़ा ध्यान से आए थे। कुछ बोलने के लिए। रवि किशन की इन बातों पर लोग ठहाका लगाते रहे।
रवि किशन बोले- यह संत की धरती, मोदी-योगी संत हैं
महामंडलेश्वर को लेकर हो रहे विवाद पर सांसद रविकिशन ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि यह संत की धरती है। योगी-मोदी जी जैसे संत हैं। यूपी को संभालने के लिए ताकत चाहिए। उन विरोधियों से लड़ने के लिए जो नई-नई साजिश लेकर चले आते हैं। मुझे सब पता चलता है कि कौन-सी स्क्रिप्ट कहां लिखी जा रही।
विरोधियों से इस सनातन सोच वाली पार्टी पर आंच नहीं आएगी। जनता जानती है कि अफवाह कौन फैला रहा? चुनाव सिर पर हैं और उत्तर प्रदेश टारगेट पर है। भय में आदमी कूटनीति करता है, लेकिन भूल जाता है कि संत जब राजनीति में आता है तो डरता नहीं है। योगी-मोदी डरते नहीं हैं।
रवि किशन ने कहा- गोरखपुर नजीर पेश कर रहा है। इसी फ्लाईओवर पर आप रील बनाओगे। कोई गुटखा-पान खाकर नहीं थूकेगा। अब गोवा का टूरिज्म खत्म हो गया। सब भीड़ बनारस, विंध्याचल और गोरखपुर आ रही है। कोई भ्रम में किसी झूठी बात में न आइए। भाजपा हर जाति के साथ है और हमेशा रहेगी।
दोनों नए पुल बनने से क्या फायदा होगा, इस तरह समझिए
गोरखपुर शहर में यातायात को बेहतर बनाने के लिए दो नए रेल ओवरब्रिज और फ्लाईओवर खजांची चौराहा जनता के लिए शुरू हो चुके हैं।
- 1092 मीटर लंबे बरगदवा ओवरब्रिज से रेलवे समपार फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। महानगर के उत्तरी हिस्से की यातायात सुगमता और बेहतर हो जाएगी। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज होते हुए महाराजगंज जाने वाले यात्रियों की राह भी आसान होगी।
- 605 मीटर लंबा खजांची फ्लाईओवर जेल बाईपास को स्पोर्ट्स कालेज रोड से सीधी कनेक्टिविटी देता है। इस फ्लाईओवर से कौवाबाग से खजांची चौराहा होते हुए फर्टिलाइजर कारखाना, सोनौली रोड जाना सहज और सुगम हो जाएगा।
अगले दो माह में ये परियोजनाएं भी बनकर तैयार हो जाएंगी
- चौरीचौरा-भोपा बाजार में समपार संख्या 147बी पर रेल ओवरब्रिज, लागत 49.22 करोड़ रुपये।
- नौसढ़-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर तथा देवरिया बाईपास कनेक्टिंग फ्लाईओवर, लागत 429.49 करोड़ रुपये।