राजद ने आयोग की कार्यशैली पर उठाए सवाल, भाजपा जदयू ने कहा- आरोप झूठे

पूछा- हुलास, सुनील, राजबल्लभ, अनंत साधु हैं

तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार के लोगों को बदनाम और अपमानित करते हैं। वो बताएं कि एनडीए के हुलास पांडेय, मनोरमा देवी, सुनील पांडेय, राजबल्लभ यादव, अनंत सिंह, आनंद मोहन, पप्पू पांडेय और राजू तिवारी क्या ये साधु हैं। पीएम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय और संजय जायसवाल पर लगे दाग और भ्रष्टाचार क्यों नहीं दिखते। सृजन घोटाले के आरोपी विपिन शर्मा से क्यों मिले। 208 पुलिस कंपनियां भाजपा शासित राज्यों से आई हैं। 243 पुलिस आब्जर्वरों में 68% भाजपा शासित राज्यों के हैं।

पश्चिम बंगाल, झारखंड, तामिलनाडु, केरल, कर्नाटक जैसे विपक्षी शासित राज्यों से ये क्यों नहीं लाए गए। तेजस्वी ने दावा किया कि सरकार हम ही बना रहे हैं। 14 नवंबर को वोटिंग होगी। 18 नवंबर को सीएम पद की शपथ लेंगे। 26 नवंबर से 26 जनवरी के बीच प्रदेश के सभी अपराधियों को जेल भेज देंगे। सबको साथ लेकर चलेंगे। ऐसे में हर घर नौकरी, महिलाओं को आर्थिक न्याय, संविदा कर्मियों को नियमित करने तथा बदलाव के लिए लोग एकजुट होकर वोट करें। कहा- हमने इस चुनाव में 171 जनसभाएं की। हम एग्रो बेस इंडस्ट्रीज ,फूड प्रोसेसिंग और अन्य तरह के रोजगार के लिए उद्योग धंधे स्थापित करेंगे। इस अवसर पर सांसद डॉ. मीसा भारती, मनोज झा, संजय यादव, आलोक मेहता भी मौजूद थे।

तेजस्वी पहले पिता लालू प्रसाद को जेल भेजें : सम्राट

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नेजस्वी यादव से कहा-पहले अपने पिता लालू प्रसाद को जेल भेजें। फिर बाकी अपराधियों की बात करें। राजद कंफ्यूज और डिफ्यूज है। राजद-कांग्रेस को हार की जानकारी हो चुकी है। इसलिए वे वोट चोरी व चुनावी धांधली की बात कर रहे हैं। एनडीए ने भ्रष्टाचार, अराजकता, रूल ऑफ लॉ से कभी समझौता नहीं किया। बिहार के सीएम नीतीश कुमार हैं। रहेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा- तेजस्वी की बातों से साबित हुआ कि वे अपनी हार स्वीकार चुके हैं।

तेजस्वी यादव के आरोपों का चुनाव आयोग ने पांच प्वाइंट में दिया जवाब

चुनाव आयोग ने राजद नेता तेजस्वी यादव को पांच प्वाइंट में जवाब दिया है। आयोग ने कहा कि पुरुष-महिला मतदाता का वोटिंग प्रतिशत आमतौर पर अंतिम मतदान के समय दिया जाता है। बिहार चुनाव में करीब 80 प्रतिशत पुलिस बल सीएपीएफ से तैनात हैं। करीब 20 प्रतिशत राज्य सशस्त्र पुलिस है। जिन्हें उपलब्धता के अनुसार विभिन्न राज्यों से आनुपातिक रूप से लिया जाता है। झारखंड, तेलंगाना, केरल, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक सहित 24 विभिन्न राज्यों से सैप को लिया गया है। सभी राज्यों से आनुपातिक रूप से पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। चाहे संबंधित राज्य में सत्तारूढ़ दल कोई भी हो। सभी स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी काम कर रहे हैं। जहां भी कोई खराबी देखी गई है, उसे तुरंत ठीक कर दिया गया है।

महिला-पुरुष वोटरों का डेटा नहीं दिया : तेजस्वी

दूसरे चरण की वोटिंग से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर पक्षपात के आरोप लगाए। कहा-पहले चरण के चार दिन बाद भी महिला-पुरुष वोटिंग के आंकड़े सार्वजनिक नहीं हुए, क्या भाजपा के पाप धोए जा रहे हैं। कई स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी बंद हैं। वहीं, भाजपा-जदयू ने इसे हताशा बताया। कहा-महागठबंधन झूठ के सहारे चुनाव लड़ रहा। भाजपा के डॉ. दिलीप जायसवाल ने लालू परिवार पर भ्रष्टाचार का ठीकरा फोड़ा।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा व मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि तेजस्वी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाया गया आरोप गैर जिम्मेदाराना है। उनकी हताशा और पराजय की स्वीकृति है। एनडीए की ऐतिहासिक जीत तय है।

मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे तेजस्वी :अशोक

ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी बोले- तेजस्वी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे। एनडीए 180 से ज्यादा सीटें जीतेगा। रीतलाल यादव साधु हैं, जो खुद लालू प्रसाद ने उनका प्रचार किया। लाली यादव महामंडलेश्वर हैं, जो तेजस्वी उनसे मिलने गए।

E-Paper 2025