अजमेर की रनर सूफिया सूफी (40) ने एक और गिनीज विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सूफिया सूफी ने हिमाचल प्रदेश के मनाली से लेह तक 430 किलोमीटर की दूरी 98 घंटे 27 मिनट में पूरी की। सूफिया सूफी इससे पहले 4 रिकॉर्ड बना चुकी हैं।
रनर ने बताया- मनाली से लेह तक पांचों ऊंचे दर्रों को पार करते हुए सबसे तेज रन पूरा किया। यह एक हाई-एल्टीट्यूड एंड्योरेंस रनिंग चैलेंज था, जिसमें 8500 मीटर से ज्यादा की कुल चढ़ाई शामिल थी।
इसकी दूरी 430 किलोमीटर थी। यह रेस मैंने 31 अगस्त 2023 को पूरी किए थी। यह अवॉर्ड 2 फरवरी को मिला है।
2021 में रन 156 घंटे में पूरा किया था
सूफी ने आगे बताया- मैंने इससे पहले 2021 में यह रन 156 घंटे में पूरा किया था, जो उस समय एक रिकॉर्ड था। लेकिन बाद में एक रनर प्रीति ने 100 घंटे से ज्यादा में पूरा कर रिकॉर्ड तोड़ दिया। तभी उन्होंने तय कर लिया था कि वह एक बार फिर दौड़ेंगी और नया रिकॉर्ड बनाएंगी।
रेस के दौरान पेट में इन्फेक्शन हुआ
मैंने रनिंग की शुरुआत फिटनेस को बेहतर करने के इरादे से की थी। धीरे-धीरे यह मेरा जुनून बन गया। इस रेस के दौरान पेट में इन्फेक्शन होने के बावजूद, मैंने हार नहीं मानी और इसे पूरा किया। मनाली से लेह तक के दुर्गम रास्तों पर दौड़ना आसान नहीं था। यह रेस दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण रेसों में से एक है।
ग्राउंड हैंडलिंग ऑफिसर की नौकरी छोड़ी, फिर रनिंग चुनी
सूफी का जन्म 1 अगस्त 1985 को अजमेर (वैशाली नगर, मित्र नगर रातीडांग रोड) में हुआ। उन्होंने बताया मैंने अजमेर के महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। मैं फिलहाल मनाली में रहती हूं।
साल 2008 में मैं दिल्ली चली गई और वहां एविएशन का कोर्स किया। साल 2009 में मुझे दिल्ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग ऑफिसर की नौकरी मिली, लेकिन 2019 में मैंने नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह से रनिंग को समर्पित कर दिया
रनर सोफिया, जो पहले ही ये रिकॉर्ड बना चुकी हैं
- 2019 में ट्रांस इंडिया रोड रनिंग चैलेंज (कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4000 किमी) पूरा करने वाली सबसे तेज महिला बनीं।
- 2021 में गोल्डन क्वाड्रिलैटरल रोड रनिंग चैलेंज (6000 किमी) पूरा करने वाली सबसे तेज महिला बनीं।
- 2023 में मनाली-लेह रनिंग चैलेंज (पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में) पूरा करने वाले सबसे तेज धावक हैं।
- 2023 में कतर की पूरी लंबाई में दौड़ने वाली पहली महिला बनीं।
- सियाचिन से कारगिल (हाई एल्टीट्यूड रनिंग चैलेंज) तक दौड़ने वाली पहली महिला हैं।
- गलवान से कारगिल तक (हाई एल्टीट्यूड रनिंग चैलेंज) दौड़ने वाली पहली महिला हैं।
- लद्दाख सिल्क रूट अल्ट्रा 2025 की विजेता हैं।
भारत में पूर्व से पश्चिम तक दौड़, फिर दुनिया का चक्कर
रनर ने कहा- 1 अगस्त से भारत में पूर्व से पश्चिम तक दौड़ेंगी, यदि मैं ये रेस पूरी करती हूं तो फिर से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाएगा। इसके बाद दिसंबर से रन अराउंड द वर्ल्ड शुरू होगा। इसमें 30,000 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। इसमें करीब 630 दिनों में 30 देशों को कवर करने का लक्ष्य है।