राजस्थान- मार्च में लू झुलसा रही, अब आंधी-बारिश की चेतावनी:हीटवेव को लेकर गाइडलाइन जारी, पारा 40 के पार, जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में मार्च में ही लू चलने लगी है। बुधवार को जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के इलाकों में इसका असर रहा। यहां अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री दर्ज हुआ।

आगामी दिनों में तेज गर्मी को देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने हीटवेव से बचाव के लिए गाइडलाइन जारी की है। हालांकि, गुरुवार को हीटवेव का असर नहीं रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 14 मार्च को 8 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है। इधर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के इलाकों में बुधवार दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छाए, जिससे यहां तापमान में मामूली गिरावट हुई।

बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान

प्रदेश में आज सबसे ज्यादा 40.8 डिग्री अधिकतम तापमान बाड़मेर में दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री और फलोदी में 39.2 डिग्री दर्ज होने के साथ ही इन इलाकों में दिन में हीटवेव का प्रभाव रहा। बाड़मेर में लगातार 3 दिनों से हीटवेव का असर है।

इन जिलों के अलावा वनस्थली (टोंक) में 38.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 38.6 डिग्री, जोधपुर और चूरू में 38.1 डिग्री, भीलवाड़ा, उदयपुर और सिरोही में 37.2 डिग्री, दौसा में 37.3 डिग्री, कोटा और जयपुर में 37 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

इन सभी शहरों में दिन में तेज झुलसाने वाली गर्मी रही। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री ऊपर रहा।

हीटवेव के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट ने जारी की गाइडलाइन

हीटवेव का दौर शुरू होने और आगामी दिनों में इसके बढ़ने की संभावना को देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने गाइडलाइन जारी की है। डिपार्टमेंट ने हर सरकारी हॉस्पिटल में पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक रखने का निर्देश जारी किया है।

मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर-पंखे, AC, पीने के पानी और धूप से बचने के लिए छाया (शेड) की व्यवस्था करने को कहा है।

इसके अलावा, जिला स्तर पर मौजूद हॉस्पिटलों में 10 बेड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर 3 से 6 और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर 1 बेड आरक्षित करने के लिए कहा है।

कल से हीटवेव से थोड़ी राहत मिलेगी

उत्तर भारत में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिर्स्टबेंस का असर बुधवार को राजस्थान के उत्तरी छोर पर दिखा। श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ के एरिया में दोपहर बाद हल्के बादल छाए। इससे इन शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट हुई।

मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में 12 मार्च से पश्चिमी हवाओं के कमजोर होने और हीटवेव से राहत रहने की संभावना जताई है। हालांकि तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

E-Paper 2025