राजस्थान में बारिश का अलर्ट, बर्फ जमी, तापमान गिरा:अलवर-फतेहपुर सबसे ज्यादा ठंडे, आज से आएगा मौसम में बदलाव

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम के जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं।

जिससे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी। वहीं, 22 और 23 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है।

शुक्रवार को प्रदेश के 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। हनुमानगढ़, अलवर के ग्रामीण इलाकों और आसपास के एरिया में पाला पड़ने से ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गईं।

सीकर में तापमान 3 डिग्री के करीब

करौली, अलवर, सीकर, फतेहपुर के एरिया में शुक्रवार सुबह तेज सर्दी रही। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा ठंडा एरिया अलवर और फतेहपुर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर, चूरू, सीकर, अलवर, जयपुर, झुंझुनूं, गंगानगर, नागौर के एरिया में कोल्ड-वेव का असर रहा।

दिन में धूप से राहत, तापमान औसत से ऊपर

दिन में निकली धूप से लोगों को राहत रही। प्रदेश के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 21 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस जोधपुर और बाड़मेर जिले में दर्ज हुआ। प्रदेश में धूप निकलने और दिन में सर्द हवाओं का प्रभाव खत्म होने से तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ।

अब आगे क्या?

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में आज से एक हल्के प्रभाव का पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना जताई है। इस सिस्टम के असर से बीकानेर, जयपुर संभाग के एरिया में ऊंचाई पर हल्के बादल छाने और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हाेने की संभावना जताई है।

इसके असर से राज्य में सर्दी का प्रभाव सुबह-शाम कम होगा। जबकि 22 से 24 जनवरी के बीच एक दूसर पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय होने की संभावना जताई है।

इस सिस्टम का असर राजस्थान में ज्यादा रहने की संभावना है, जिसके असर से कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।

E-Paper 2025