बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। कांग्रेस के AI वीडियो पोस्ट पर उन्होंने कहा कि इसके लिए सामाजिक और कानूनी रूप से सजा मिलनी चाहिए। राहुल गांधी अब इतना नीचे गिर गए हैं, जैसे उनकी नकली मां है। अपनी मां की इज्जत का ख्याल नहीं है। वह दूसरे की मां को कहां से सम्मान देंगे। मोदी जी के मां का एआई वीडियो बनाना बहुत गलत है। इन पर फ्रॉडिज्म का केस होना चाहिए, जांच होनी चाहिए।
ऐसे लोगों को सामाजिक रूप से ही नहीं, कानूनी रूप से सजा मिलना चाहिए। उन्हें डूब कर मर जाना चाहिए। मोदी जी को मां-बहन लगाकर गाली दिया। अब मां का एआई वीडियो बनाकर क्या साबित करना चाहते हैं। राहुल गांधी अब यह साबित करना चाहते हैं कि हम फ्रॉड हैं, हम दुराचारी हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है। आने वाले दिनों में इसका परिणाम भुगतना होगा। एआई वीडियो बनाकर बहुत गलत किया गया है।
बिहार कांग्रेस का AI वीडियो पोस्ट
दरअसल, बिहार कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर एक AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया है। 36 सेकेंड के AI जेनरेटेड वीडियो में पीएम मोदी से मिलते शख्स और उनकी दिवंगत मां हीराबेन से मिलती जुलती महिला को दिखाया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है- साहब के सपनों में आईं मां। देखिए रोचक संवाद। गुरुवार रात शेयर हुए इस वीडियो में दिखाया गया है, प्रधानमंत्री के सपने में उनकी मां आकर कह रही है कि राजनीति के लिए कितना गिरोगे?
पीएम और सीएम ने बिहार को सजाया है
आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव का बयान पीएम मोदी जुमले की बारिश करने कब बिहार आ रहे हैं। इस पर गिरिराज सिंह ने कहा कि मन की मुराद पूरा नहीं होने वाला है। जैसे धृतराष्ट्र के मन का मुराद कुरुक्षेत्र के मैदान में पूरा नहीं हुआ था। इस धर्म क्षेत्र की लड़ाई में दिल के अरमां आंसुओं में बह जाएंगे।
अगर पीएम नरेंद्र मोदी नहीं होते तो आपके बेटे और राहुल गांधी मोटरसाइकिल पर यहां नहीं उड़ते। आपने तो बिहार को गड्ढा में डाल दिया था, आप क्या बोलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को सजाया है।