‘राहुल गांधी भाजपा के बहुत बड़े प्रचारक हैं। जितना हो पाए, राहुल गांधी उतना हम लोगों के खिलाफ बोलें। वह बोलना न छोड़ें, वह बोलते हैं, हम जीतते हैं। उनके बोलने में जादू है। रविकिशन ने कहा कि एक दिसंबर से सदन चलेगा। राहुल गांधी से अपील है कि वहां भी चिंघाड़ के बोलें।’
यह कटाक्ष गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ला ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर किया है। रविकिशन पिछले तीन दिनों से गोरखपुर में थे। दो दिन वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अलग-अलग कार्यक्रमों में रहे। बुधवार को रविकिशन ने एक बार फिर राहुल पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा ‘वोट चोरी से लेकर जितने आरोप वह लगा रहे हैं, बिहार की जनता उसका जवाब दे चुकी है। अभी 5 से 6 राज्यों में उनकी सरकार है। जल्द ही वह भी चली जाएगी। हम चाहते हैं कि राहुल रुकें नहीं, लगातार बोलते रहें।’
देश के 272 प्रतिष्ठित लोगों ने कांग्रेस को खुली चिट्ठी लिखकर कहा है कि कांग्रेस और राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार हमले कर रहे हैं। वास्तविक सबूत के बिना आरोप लगा रहे हैं। चुनाव आयोग को बदनाम करने और वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं।
इस पत्र के संबंध में जब रविकिशन की प्रतिक्रिया पूछी गई तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाजपा के बहुत बड़े प्रचारक हैं। वे कृपया बोलना न छोड़ें। उनके गंदे, कड़े व रूखे शब्द भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद स्वरूप ही मिलते हैं।
एक दिन पहले कहा था-राहुल मछली पकड़ने गए थे
रविकिशन ने एक दिन पहले कहा था कि राहुल गांधी बिहार में मछली पकड़ने गए थे, लेकिन यह बिहार की मछली है। ऐसे हाथ नहीं आएगी। बिहार में निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में रविकिशन ने कहा था कि राहुल को लगा कि चलो बिहार चलते हैं और कुछ मछलियां पकड़ लेते हैं (Let’s go and catch some fishes in Bihar)।
ये उन लोगों के लिए एक पिकनिक होता है। उसके बाद सुनने में आया कि वह कंबोडिया या कहीं और चले गए। भगवान जाने क्या सच है। राजनीति करनी है तो बिहार जाकर पानी में मत कूदिए।
सांसद ने कहा था कि हम लोगों ने वहां एक-एक वोट के लिए पसीना बहाया है। जमीन पर हमने काम किया है। वहां पार्टी की ओर से हर सांसद व विधायक लगाया गया था। हमारी पूरी पार्टी जाकर युद्ध की तरह वहां लड़ रही थी। हम लोगों के लिए चुनाव एक युद्ध होता है, चुनाव नहीं होता है। राहुल की राजनीति को तो…महादेव ही जानें।