राहुल ने जिसकी फोटो दिखाई वह ब्राजीलियन मॉडल सामने आई:कहा- क्या पागलपन है, मैं भारत नहीं गई; दावा- 10 बूथ पर इनके 22 वोट

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाई थी, उसका एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई अकाउंट से यह वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया गया कि महिला का नाम लेरिसा है।

वीडियो में महिला पुर्तगाली भाषा में बात करते हुए कहती है- दोस्तों, मैं आपको एक जोक सुनाती हूं। यह बहुत ही भयानक है! भारत में वोट देने के लिए मेरी तस्वीर का इस्तेमाल हो रहा है। मुझे भारतीय बताकर आपस में लड़ रहे हैं। देखो, क्या पागलपन है!

लेरिसा ने आगे कहा- भारत की राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। वह तस्वीर मेरे मॉडलिंग के शुरुआती दिनों की है, जब मैं 18 या 20 साल की थी। वह तस्वीर एक स्टॉक इमेज प्लेटफॉर्म से खरीदी गई और मेरी इजाजत के बिना इस्तेमाल की गई। मैं तो कभी भारत भी नहीं गई।

लेरिसा ने बताया- अब मैं मॉडल नहीं हूं। वे लोगों को ठगने के लिए मुझे भारतीय बता रहे हैं। क्या पागलपन है! हम किस दुनिया में रह रहे हैं? दावे के मुताबिक, महिला ने अपने इंस्टाग्राम पर बताया कि एक रिपोर्टर ने इस मामले पर इंटरव्यू के लिए उनसे इंस्टाग्राम पर संपर्क भी किया था।

राहुल ने कहा था- ब्राजीलियन मॉडल ने हरियाणा में वोट डाला

राहुल ने कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि हरियाणा में 2024 विधानसभा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी हुए। राहुल ने एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो दिखाई थी। राहुल ने सवाल किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन लड़की का क्या काम है।

उन्होंने प्रजेंटेशन दिखाते हुए दावा किया कि ब्राजीलियन मॉडल ने हरियाणा चुनाव के दौरान 10 बूथ पर सीमा, स्वीटी और सरस्वती के नाम पर 22 बार वोट डाला। एक अन्य महिला ने एक असेंबली में 100 बार वोट किया। इस तरह 25 लाख वोटों की चोरी हुई।

राहुल गांधी ने ब्राजीलियन मॉडल का नाम नहीं बताया। हालांकि उसकी तस्वीर फोटोग्राफर मैथियस फेरेरो ने फ्री स्टॉक इमेज प्लेटफॉर्म Unsplash.com पर अपलोड की थी। राहुल ने यह तस्वीर वहीं से निकाली। मॉडल की तस्वीर पहली बार 2 मार्च, 2017 को पब्लिश की गई थी और इसे Unsplash लाइसेंस के तहत 5.9 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है और 4 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड की जा चुकी है।

राहुल ने कहा- अब बिहार में ऑपरेशन सरकार चोरी जारी राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हरियाणा की तरह बिहार में भी ऑपरेशन सरकार चोरी चलाया जा रहा है। राहुल ने बिहार के 5 वोटरों को मंच पर बुलाया। सभी ने कहा कि उनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं।

कांग्रेस सांसद ने बताया कि हरियाणा में 3.5 लाख वोटर्स का नाम लिस्ट से काट दिया गया था। बिहार में भी यही दोहराया जा रहा है। चुनाव से ठीक पहले वोटर लिस्ट दी जाती है, ताकि लोकतंत्र को मारा जा सके।

E-Paper 2025