लखनऊ में शीतलहर के साथ ओस की बारिश:तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट, गलन से पिघल रहे हाथ; स्कूलों में 3 दिन छुट्टी

लखनऊ में आज कोहरा काफी कम रहा। सुबह ओस की बूंदें महसूस की गईं। तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गलन बढ़ गई है। इसी के चलते सरकार ने 12वीं तक स्कूलों, इंटर कॉलेजों में अगले 3 दिन (3, 4, 5 जनवरी) की छुट्टी घोषित कर दी है।

शुक्रवार शाम के बाद चली हवाओं की वजह से आज शनिवार को सुबह कोहरा बीते दिनों के मुकाबले नहीं रहा। कल सुबह विजिबिलिटी 100 मीटर रही, वहीं आज सुबह 1 किमी से ज्यादा दूर तक साफ दिखाई दिखाई। यह मौसम गेहूं, सरसों के लिए अच्छा है।

आज न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस (+0.8) दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस (-5.5) तक गिरा। आर्द्रता औसतन 92 दर्ज की गई। वैज्ञानिकों के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 18, न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज किया जाएगा।

सुबह-शाम यात्रा न करें तो ज्यादा अच्छा

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और आवश्यक न होने पर सुबह-शाम यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 1 जनवरी से निचले क्षोभ मंडल की स्थिरता भंग हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने के बाद सतह पर तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे गतिशील अस्थिरता पैदा हुई।

इसका असर यह हुआ कि जमीन के पास जमी कोहरे की परत हट गई, लेकिन थोड़ी ऊंचाई पर वातावरण स्थिर बना रहा। इसी वजह से लखनऊ और मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर उठा हुआ कोहरा छाया रहा और धूप जमीन तक नहीं पहुंच सकी। लखनऊ के पूर्व में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाली कोहरे की परत पूरी तरह साफ हो चुकी है।

ठंड को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद

भीषण ठंड और कोहरे को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। लखनऊ समेत प्रदेश में 12वीं तक के सभी स्कूल और कॉलेज 5 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। यह आदेश ICSE, ISC, CBSE और यूपी बोर्ड के सभी स्कूलों पर लागू होगा। इससे पहले 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक भी स्कूल बंद किए गए थे, जबकि प्राइमरी स्कूलों में 1 से 14 जनवरी तक पहले से अवकाश घोषित है।

E-Paper 2025