लिवरपूल ने 2022 के बाद पहली बार चैंपियंस लीग क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को एनफील्ड के मैदान पर खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल में तुर्की क्लब गैलेटसाराय को 4-0 से हराया। इससे कुल मिलाकर 4-1 से लिवरपूल आगे बढ़ गया। पहले लेग में गैलेटसाराय ने 1-0 से जीता था।
मोहम्मद सलाह चैंपियंस लीग में 50 गोल करने वाले पहले अफ्रीकी बने
मैच के हीरो एक बार फिर मोहम्मद सलाह रहे। उन्होंने शुरुआत में एक पेनल्टी मिस कर दी थी, लेकिन बाद में शानदार वापसी करते हुए एक गोल किया और एक असिस्ट भी दिया।
इस प्रदर्शन के साथ वह चैंपियंस लीग में 50 गोल करने वाले पहले अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा, वह एंफील्ड में लिवरपूल के लिए 201 गोल में योगदान देने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
एंफील्ड लिवरपूल का घरेलू मैदान है। यहां सलाह ने 211 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 140 गोल किए और 61 असिस्ट दिए हैं।
टीम मैनेजर ने सलाह की तारीफ की
हाफ-टाइम तक चर्चा सलाह की उस पेनल्टी को लेकर थी,जिसे वे गोल में नहीं बदल सके। सलाह जैसे खिलाड़ी के लिए यह एक कमजोर प्रयास था। हालांकि, मैनेजर अर्ने स्लॉट ने उनकी मानसिक मजबूती की तारीफ करते हुए कहा,’पेनल्टी चूकना एक कठिन पल था, लेकिन दूसरे हाफ में उन्होंने जिस तरह से वापसी की, एक शानदार असिस्ट दिया और फिर अपना ट्रेडमार्क गोल किया, वह उनकी मेंटल स्ट्रेंथ को दर्शाता है।’
सलाह ने मैच के 74वें मिनट में चोट की आशंका के चलते खुद को सब्स्टीट्यूट करने को कहा, जिससे फैंस थोड़ी चिंता में दिखे।
32 अटेम्प्ट किए
लिवरपूल ने मैच की शुरुआत से ही गैलेटसाराय को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। पूरी टीम ने शानदार खेल दिखाया और पूरे मैच में 32 शॉट लगाए, जिनमें से 16 सीधे गोल पर थे।
इससे पहले पिछले हफ्ते टॉटेनहम के खिलाफ लिवरपूल का प्रदर्शन फीका रहा था। वहीं, गैलेटसाराय के खिलाफ इस्तांबुल में खेले गए मुकाबले में भी टीम पूरे 90 मिनट तक गोल नहीं कर पाई थी। पूर्व इंग्लैंड गोलकीपर पॉल रॉबिन्सन ने कहा,’लिवरपूल आज बहुत शार्प और क्विक दिखी। दूसरे हाफ का प्रदर्शन इस सीजन के बेहतरीन पलों में से एक था।’
अब क्वार्टर फाइनल में पीएसजी से मुकाबला
लिवरपूल का अगला सफर और भी चुनौतीपूर्ण होने वाला है। चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) से होगा।
लिवरपूल को पता है कि अगर वे पेरिस में होने वाले पहले लेग में खुद को बचाए रखते हैं, तो एनफील्ड के घरेलू मैदान पर वापसी के दौरान लुइस एनरिक की टीम के खिलाफ कुछ भी संभव है। इसके अलावा, टीम को एफए कप के क्वार्टर फाइनल में मैनचेस्टर सिटी का भी सामना करना है।