पंजाब के लुधियाना जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने और हमला करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यक्ति पर पिस्टल तान दी। उसने जब बचाव करने चाहा तो चाकू से उस पर हमला कर दिया। थाना सराभा नगर की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 5 दिन बाद मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों पर पुलिस ने धारा BNS 115(2) ,118,333,3 05,351(3), 3(5) 25-54-59 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में जांच कर रही है।
21 फरवरी की है घटना
बीआरएस नगर निवासी गगनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि 21 फरवरी 2026 को उसके पते पर दो व्यक्ति आए। उस समय घर में उसकी माता और पत्नी अकेली थीं। पत्नी ने उसे फोन कर बताया कि 2 अज्ञात व्यक्ति घर पर आए हैं, जिनमें से एक ने अपना नाम अवदेश बताया है। सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचा।
भाई करनवीर के नाम बदमाशों ने लिया
पीड़ित गगनदीप के अनुसार, घर पहुंचकर उसने अपनी माता और पत्नी को एक कमरे में भेज दिया और दोनों व्यक्तियों से बातचीत शुरू की। इसी दौरान दोनों आरोपी गुस्से में आ गए और उसका कॉलर पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि वे उसके भाई करनवीर के काम के सिलसिले में आए हैं।
पीड़ित गगनदीप का आरोप है कि एक आरोपी ने अपने काले रंग के बैग से पिस्टल निकालकर उसके माथे पर तान दी, जबकि दूसरे ने बैग से एक तेजधार हथियार निकालकर उसके गले पर वार किया।
CCTV का DVR तोड़कर हुए फरार
बचाव के दौरान वह झुक गया, जिससे धारदार वार उसके कंधे पर लगा और वह घायल हो गया। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं और घर में लगा CCTV का DVR तोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।