लुधियाना में 18 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR:जीत का जश्न मना रहे AAP वर्करों पर की फायरिंग, राजा वड़िंग पर हमला करवाने का आरोप

पंजाब के लुधियाना में ब्लॉक समिति की जीत का जश्न मना रहे आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के वर्करों में हिंसक झड़प हो गई। सदर थाना पुलिस ने 18 कांग्रेस वर्करों पर FIR दर्ज की है। इनमें 6 नाम दर्ज हैं और 12 अज्ञात लोगों पर यह कार्रवाई की गई है। फायरिंग की वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान की और मामला दर्ज किया।

देर रात तक पुलिस ने गोलीबारी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी करती रही। आरोपियों की पहचान पूर्व सरपंच जसवीर, अजयवीर, उदयवीर, सरपंच निंदा, तजिंदर सिंह उर्फ लाडी, पंच पूजा, हरपाल सिंह उर्फ बब्बू सहित 12 अज्ञात के रूप में हुई है।

कांग्रेस नेता को AAP नेता चैलेंज देते वीडियो में दिखे

AAP ने झड़प के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, इस झड़प और फायरिंग का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक घर के बाहर गुट के साथ कांग्रेस नेता को AAP के वर्कर चैलेंज देते हुए नजर आ रहे हैं।

इसके बाद उनमें बहस हुई और पहले पथराव और बाद में फायरिंग हुई। इस घटना से गुस्साए AAP के वर्करों ने लुधियाना-मलेरकोटला रोड पर मराडो पुलिस चौकी के पास बीती रात जाम लगा दिया था।

AAP से ब्लॉक समिति चुनाव जीते सुखमीत सिंह खन्ना ने कहा था कि मैंने जसदेव नगर से चुनाव जीता। कांग्रेस के गुंडों को यह बात हजम नहीं हुई। इस सीट के लिए राजा वड़िंग उसका परिवार, कुलदीप वैद, उसका परिवार और बैंस ब्रदर्स, सभी ने जोर लगाया, फिर भी वह हार गए। अब सीधी गोलियां चला रहे।

हिंसक झड़प के वीडियो में क्या दिख रहा…

1.57 मिनट के वीडियो में दिख रहा है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वर्कर एक दूसरे को ललकार रहे हैं। आम आदमी पार्टी के वर्करों में सबसे आगे हाथ में तलवार लिए निहंग सिंह के बाणे में एक व्यक्ति है। लगातार दोनों गुट एक-दूसरे को धमकियां देते हुए नजर आ रहे है। दोनों गुटों के लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और डंडे नजर आ रहे है। दोनों गुट एक दूसरे को गालियां देने लगे। जब AAP के समर्थक करीब पहुंचे तो सबसे पहले ईंटें कांग्रेस की वर्करों की तरफ से चलाई गई।

जिसके बाद आम आदमी पार्टी के वर्करों ने भी ईंटें बरसाई। आप वर्करों ने कांग्रसियों को ईंटें मार कर खदेड़ा। तभी अचानक से गोलियां चलने की आवाज आने लगी। क्रीम रंग की जैकेट पहने व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी के वर्करों पर सीधे गोलियां चलाई। फायरिंग कर रहे व्यक्ति की वीडियोग्राफी आप वर्करों ने की।

गोलीबारी में अचानक एक गोली बुजुर्ग गुरमुख सिंह के लगी जो जमीन पर गिर गया। जो गोली चला रहा, उसे कांग्रेस नेता जसबीर सिंह बताया जा रहा है। गोली बुजुर्ग को लगने के बाद एक महिला उसे खींचते हुए कहीं ले जाती नजर आई। इस वीडियो में 3 से 4 बार फायरिंग की आवाज सुनी गई।

  • हमने कुछ नहीं कहा, कांग्रेसियों ने मारपीट-फायरिंग की: अस्पताल में भर्ती घायल रविंदर सिंह ने बताया कि यह मामला गिल इलाके के बचित्तर नगर का है। वह आम आदमी पार्टी की जीत की खुशी में इलाके में धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। जिसके बाद मौके पर कांग्रेस के नेता जसबीर सिंह गाली-गलौज करने लगा। हमने उसे कुछ नहीं कहा। वह गुस्से में आकर मारपीट करने लगा। उसने कई लोगों के साथ झड़प की और गोलियां चलाई दी। रविंदर मुताबिक 15 से 20 गोलियां चलीं। गांव के 4 से 5 लोग घायल हुए है। जिनकी पहचान गुरमुख सिंह (65), रविन्द्र सिंह (44), गुरदीप सिंह (32), उदमवीर सिंह (25) साल और मनदीप सिंह (36) के तौर पर हुई है। जो लोग घायल हुए है उनकी टांगों पर गोलियां लगी है।
  • धन्यवाद रैली के दौरान गोलियां चलाईं: आम आदमी पार्टी के नेता जतिंदरपाल सिंह गाबड़िया ने कहा कि कल ब्लाक समिति और जिला परिषद के चुनाव संपन्न हुए है। चुनाव में हमारे आप के दोनों उम्मीदवार बचित्तर नगर से सोनू गिल और सुमित सिंह खन्ना जीत गए थे। आज हम धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। दूसरी तरफ से कांग्रेस के नेता जसबीर सिंह ने गोलियां चला दी है। हमारे 4 लोग घायल हुए है। जसबीर के साथ कई अन्य युवक भी मौजूद थे, जो मौके से फरार हो गए।
  • घायल बोला- कांग्रेस नेता से हार बर्दाश्त नहीं हुई: अस्पताल में घायल पड़े AAP समर्थक गुरमुख सिंह ने कहा कि हमारा उम्मीदवार जीत गया था। हम धन्यवाद रैली निकाल रहे थे तो कांग्रेस नेता जसबीर सिंह मोहल्ले की एक महिला के घर पर अपने कुछ साथियों के साथ पहले से आया हुआ था। उससे हार सहन नहीं हुई। उसने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।
  • पहले गालियां दीं, फिर ईंट-पत्थर और गोलियां चलाईं: AAP के वर्कर नरिंदर सिंह ने कहा कि आज हम आप वर्कर गली-गली जाकर लोगों का धन्यवाद कर रहे थे। तभी कांग्रेसी उम्मीदवार गालियां देने लगा। उसने जमकर ईंट-पत्थर चलाए। हार का गुस्सा उसने संगत पर निकाला और गोलियां चलाईं। मोहल्ले की महिला पूजा के घर पर इक्कट्ठे होकर आरोपियों ने फायरिंग की। ये आरोपी हमारे से रंजिश रखता था। एक व्यक्ति के हाथ में पिस्टल थी और बाकी सभी के पास डंडे थे। इस कांग्रेसी नेता का पिछला रिकार्ड भी क्रिमिनल है।,
  • गोली मेरे पैर को छूकर निकल गई: AAP समर्थक गुरदीप सिंह ने कहा कि कांग्रेसियों ने गोलियां चलाई है। मेरे पैर को छू कर निकल गई है। कांग्रेसी उम्मीदवार ने 10 से 12 फायर किए है। ईंट-पत्थर भी चलाए है। हमला करने वाले 7 से 8 लोग थे। सिर्फ हार-जीत को लेकर ये गोलियां चलाई गईं है। खुद उम्मीदवार ने गोलियां चलाई है। हमारा उम्मीदवार सुखमीत सिंह खन्ना है उसके हक में लोगों का धन्यवाद कर रहे थे। शुक्र है गोली किसी बच्चे के नहीं लगी।
E-Paper 2025