लुधियाना वन्यजीव तस्कर को दबोचा, दो दुर्लभ पक्षी बरामद:टीम ने छापा मार दो राम तोता किया बरामद, वाइल्ड लाइफ अधिनियम में केस

लुधियाना के जमालपुर इलाके में वन्यजीव विभाग ने प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दुर्लभ प्रजाति के दो ‘राम तोते’ (Alexandrine Parakeet) बरामद किए गए हैं। वन्यजीव विभाग ने आरोपी के खिलाफ वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुप्त सूचना पर विभाग की छापेमारी

वन्यजीव विभाग लुधियाना की रेंज ऑफिसर अनू को सूचना मिली थी कि मुंडियां कलां गांव का एक युवक प्रतिबंधित पक्षियों की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल है। सूचना के आधार पर विभाग ने जाल बिछाया और जमालपुर इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी की पहचान और बरामदगी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल ग्रेवाल निवासी लहरी नगर मुंडियां कलां लुधियाना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो राम तोते बरामद हुए जिन्हें वह अवैध रूप से बेचने की फिराक में था। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 39, 48, 48A, 49, 50 और 51 के तहत केस दर्ज किया गया है।

जानकारी देते हुए वन रेंज ऑफिसर अनू ने बताया हमें सूचना मिली थी कि इलाके में प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी हो रही है। आरोपी विशाल के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद पक्षियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

हो सकती है जेल और भारी जुर्माना

बता दें कि भारत में तोतों की कई प्रजातियों को पालना या उनका व्यापार करना अपराध की श्रेणी में आता है। वन्यजीव अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर आरोपी को भारी जुर्माना और जेल की सजा भी हो सकती है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि विशाल के तार किन बड़े तस्करों से जुड़े हुए हैं।

E-Paper 2025