हॉकी इंडिया ने रविवार को विमेंस वर्ल्ड कप क्वालिफायर के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट में भारत की कमान मिडफील्डर सलीमा टेटे के हाथों में होगी। क्योंकि स्टार गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया निजी कारणों से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
फैमिली के साथ वक्त बिताना चाहती हैं सविता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सविता ने पारिवारिक कारणों से ब्रेक लिया है। वे टूर्नामेंट से पहले लगे नेशनल कैंप का हिस्सा भी नहीं थीं, जिसके चलते उनके नाम पर विचार नहीं किया गया। उनकी गैरमौजूदगी में गोलकीपिंग की जिम्मेदारी बंसारी सोलंकी और बिचू देवी खरीबाम के कंधों पर होगी।
हैदराबाद में होगा वर्ल्ड कप क्वालिफायर
FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के क्वालिफायर मुकाबले 8 से 14 मार्च के बीच हैदराबाद में खेले जाएंगे। इसमें कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो पूल में बांटा गया है:
- पूल A: इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया।
- पूल B: भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स।
दांव पर क्या है? टूर्नामेंट में टॉप-3 टीमों को अगस्त 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप का टिकट मिलेगा।
भारत का शेड्यूल (पूल मैच) 8 मार्च: vs उरुग्वे 9 मार्च: vs स्कॉटलैंड 11 मार्च: vs वेल्स
कोच शोर्ड मारिन बोले- हम पूरी तरह तैयार
इंडिया विमेंस टीम के हेड कोच शोर्ड मारिन ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, “हम फिटनेस और स्ट्रैटजी पर काफी काम कर रहे हैं। हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका पता है। टूर्नामेंट से पहले हम हैदराबाद में 2 प्रैक्टिस मैच भी खेलेंगे ताकि पूरी तरह लय में आ सकें।”
भारत की टीम
- गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, बिचू देवी खरीबाम।
- डिफेंडर: सुशीला चानू, निक्की प्रधान, मनीषा चौहान, उदिता, इशिका चौधरी।
- मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, वैष्णवी फाल्के, रुतुजा पिसाल, दीपिका सोरेंग।
- फॉरवर्ड: नवनीत कौर, इशिका, लालरेमसियामी, ब्यूटी डुंगडुंग, बलजीत कौर, अन्नू।