न्यूजीलैंड ने भारत को दूसरे वनडे में 7 विकेट से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबर कर ली। राजकोट में बुधवार को भारत ने 284 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल के शतक की मदद से टारगेट हासिल कर लिया।
विराट कोहली ने 23 रन ही बनाए, लेकिन वे न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भारतीय बन गए। रोहित शर्मा ने एशिया में 7 हजार वनडे रन पूरे कर लिए। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने डेरिल मिचेल का आसान कैच छोड़ दिया।
IND vs NZ दूसरे वनडे के रिकॉर्ड्स…
1. सचिन से आगे निकले विराट
विराट कोहली ने 23 रन की पारी में पहला रन बनाते ही सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए। सचिन ने 1750 रन बनाए थे। विराट के नाम अब 1773 रन हो गए। ओवरऑल ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग 50 पारियों में 1971 रन बनाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉप स्कोरर हैं।
2. राहुल का बेस्ट वनडे स्कोर
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 112 रन की नॉटआउट पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने बेस्ट स्कोर की बराबरी भी कर ली। इससे पहले 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही उन्होंने 112 रन बनाए थे।
3. राहुल का अनोखा रिकॉर्ड
राहुल ने भारत में पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे शतक लगाया। उन्होंने 6 साल पहले न्यूजीलैंड में भी होम टीम के खिलाफ वनडे शतक लगाया था। राहुल न्यूजीलैंड में और भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे शतक लगाने वाले छठे ही भारतीय बने। उनसे पहले राहुल द्रविड़, तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, कोहली और श्रेयस अय्यर ही ऐसा कर सके।
4. रोहित के एशिया में 7 हजार रन पूरे
भारत के रोहित शर्मा ने 24 रन की पारी के साथ एशिया में अपने 7 हजार वनडे रन भी पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले 7वें ही खिलाड़ी बने। उनसे पहले भारत और श्रीलंका के 3-3 प्लेयर ही ऐसा कर पाए थे।
5. न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज
न्यूजीलैंड ने भारत में अपना सबसे बड़ा वनडे टारगेट चेज किया। टीम ने इससे पहले मुंबई में भारत के ही खिलाफ 284 रन भी चेज किए थे।
टॉप मोमेंट्स…
1. कोहली वर्ल्ड कप फाइनल की तरह आउट
विराट कोहली 29 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें क्रिस्टियन क्लार्क ने गुड लेंथ पर इन स्विंगर फेंकी। कोहली थर्ड मैन की ओर सिंगल लेने गए, लेकिन बॉल उनके बैट के अंदरूनी किनारे से लगकर स्टंप्स से टकरा गई। कोहली 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी इसी तरह आउट हुए थे। तब वे फिफ्टी लगाने के बाद पवेलियन लौटे थे और भारत मैच हार गया था।
2. प्रसिद्ध ने डेरिल मिचेल का कैच छोड़ा
प्रसिद्ध कृष्णा ने 36वें ओवर में डेरिल मिचेल को जीवनदान दे दिया। ओवर की चौथी बॉल कुलदीप यादव ने फुलर लेंथ गुगली फेंकी। मिचेल ने स्लॉग स्वीप खेला, लेकिन गेंद हवा में खड़ी हो गई। प्रसिद्ध लॉन्ग ऑन से दौड़ते हुए आए, लेकिन कैच नहीं पकड़ सके। मिचेल इस वक्त 82 पर थे, उन्होंने शतक लगाकर टीम को जीत दिला दी।