राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की वार्षिक परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू होंगी। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर के लगभग 15 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन परीक्षाओं के लिए 120 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पहले ये परीक्षाएं 18 मार्च से प्रस्तावित थीं, जिसे बाद में 23 मार्च तक बढ़ाया गया था। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा फॉर्म न भर पाने और तिथि आगे बढ़ाने की मांग के कारण परीक्षा कार्यक्रम में पुनः संशोधन किया गया। अब नया कार्यक्रम जारी करते हुए परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
125 कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे
इन वार्षिक परीक्षाओं में विश्वविद्यालय से संबद्ध प्रदेशभर के लगभग 125 कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे। यूजी, पीजी और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर अपनी परीक्षाएं देंगे। विश्वविद्यालय द्वारा बनाए गए 120 परीक्षा केंद्रों पर सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार वार्षिक परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू होकर 10 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद, अगले चरण में सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन होगा, जो 25 अप्रैल से शुरू होंगी। सेमेस्टर परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
परीक्षा की तैयारी में जुटा विवि
विश्वविद्यालय की कुलगुरु स्मिता सहस्त्रबुद्धे ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा तिथि में यह बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन सभी केंद्रों पर परीक्षाओं को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुटा है।