सरकारी टीचर ने महिला शिक्षक को रेप की धमकी दी:अश्लील मैसेज भी किए, लिखा-जान से मार दूंगा; कलेक्टर को शिकायत के बाद आरोपी सस्पेंड

बाड़मेर में सरकारी स्कूल के टीचर ने अपनी सहकर्मी महिला टीचर को अश्लील मैसेज भेज दिए। इसके बाद घर से उठाकर रेप कर जान से मारने की धमकी दी।

परेशान होकर महिला टीचरों ने जिला कलेक्टर को शिकायत की। इस पर शिक्षा विभाग ने टीचर को सस्पेंड कर दिया।

शिकायत में सौंपे वॉट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट

जानकारी के अनुसार, 2 सरकारी स्कूल की चार महिला टीचरों ने सोमवार को बाड़मेर जिला कलेक्टर से मिलकर शिक्षक की शिकायत की। शिकायत में वॉट्सएप चैट के स्क्रीन शॉट्स भी लगाए।

महिला टीचर का आरोप है कि मेल टीचर ने उन्हें अपने नंबर से अश्लील मैसेज भेजे और घर से उठाकर रेप कर जान से मारने की धमकी दी। ये मैसेज पर्सनल के साथ स्कूल के एक ग्रुप पर भेजे गए।

एक दूसरे स्कूल की महिला प्रधानाध्यापक और स्कूल स्टाफ को भी अश्लील मैसेज भेज गाली-गलौज कर धमकियां दी गई। साथ ही महिला टीचरों के मोबाइल पर रात में कॉल करके धमकियां देकर मानसिक रूप प्रताड़ित किया जा रहा है।

शिकायत पर टीचर को सस्पेंड किया

एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (एडीएम) राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया- तीन से चार महिला टीचर ने जिला प्रशासन को शिकायत की थी। इसमें स्क्रीनशॉट भी शामिल थे। हमने उनकी बात को सुना और शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा था।

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) कृष्ण सिंह ने मंगलवार को टीचर को सस्पेंड कर उसका मुख्यालय सेड़वा बीईईओ ऑफिस किया है। साथ ही आरोपी टीचर के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।

E-Paper 2025