सिक्किम के राज्यपाल की पोती की शादी पाली में कल:देशभर के राजनेता और बिजनेसमैन होंगे शामिल, अमित शाह और राजनाथ सिंह भी आएंगे

सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर की पोती कोमल 22 नवंबर शनिवार को शुभ मुहूर्त में मानित के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगी। 21-22 नवंबर को 2 दिवसीय प्रोग्राम पाली जिले के रणकपुर रोड स्थित लालबाग होटल में होंगे। वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, 22 नवंबर को गुजरात के श्रम मंत्री कांतिलाल अमृतिया आएंगे। 21 नंवबर को छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन परिवहन संसदीय मामलात एवं सहकारिता विभाग मंत्री केदार कश्यप आएंगे। मिजोरम के राज्यपाल विजय कुमार सिंह 22 नवंबर को आएंगे। छत्तीसगढ़ के कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब 22 नवंबर को आएंगे। पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत भी 21-22 को शादी समारोह में रहेंगे। इसके साथ ही राजस्थान, दिल्ली, सिक्किम सहित देशभर से कई पॉलिटिशियन और बिजनेसमैन भी आएंगे। दो दिनों तक VIP मूवमेंट रहने के चलते जिला कलेक्टर एलएन मंत्री, एसपी आदर्श सिधु के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद से सुरक्षा व्यवस्था में जुटा है।

रणकपुर में तैयारियां जोरों पर, पांच हेलीपैड बनाए

विवाह समारोह के लिए रणकपुर और लालबाग में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। विशिष्ट अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए 5 हेलीपैड बनाए गए हैं। रणकपुर रोड पर माना होटल और लालबाग होटल के पास 5 हेलीपैड बनाए गए है। जहां VIP गेस्ट के हेलिकॉप्टर लैंड होंगे। सुरक्षा को लेकर भी यहां व्यापक प्रबंध किए गए है। सिक्किम के राज्यपाल माथुर के परिवार के साथ कई बड़े भाजपा नेता भी व्यवस्था संभालने में जुटे हुए है।

E-Paper 2025