सिरसा शहर की महिला से राजस्थान में दहेज के लिए मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसका पति बैंक में मैनेजर है और शादी के तीन-चार माह बाद ही उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसके साथ मारपीट भी की और उसका गला दबा दिया। ऐसे में राजस्थान पुलिस ने भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
मामले में महिला ने सिरसा पुलिस को शिकायत दी है। इसकी जांच पुलिस ने करवाई और दोनों पक्ष बुलाए गए। प्राथमिक जांच में पाया कि शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के बीच मनमुटाव रहने लगा और महिला मायके में रहती है। वह कार्रवाई करवाना चाहती है। पुलिस ने उसके पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
यहां जानिए पूरा मामला
पुलिस को दी शिकायत में शहर की महिला ने बताया कि उसकी शादी राजस्थान के हनुमानगढ़ के युवक के साथ नवंबर 2023 को शादी हुई थी। उसका पति निजी बैंक में मैनेजर है और उसके ससुर ज्वेलर्स के यहां अकाउंटेंट है। शादी के 3-4 माह बाद ही उसे तंग व परेशान किया जाने लगा। इस बारे में कई बार सिरसा व संगरिया में पंचायत हुई।
ससुराल वाले गलती मान लेते और बाद में उसके साथ मार-पिटाई करने लगते। एक बार माता-पिता भी साथ थे और उसका गला दबाकर मारने की कोशिश की। उसने डायल 112 को कॉल कर दी। उस दौरान दोनों पक्ष से परिवार वाले थे। संगरिया थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शादी के पहले साल में कभी दो तो कभी तीन महीने वह मायके में रही। अब अपने मायके में ही है।
पूर्व पति से दो साल बाद तलाक
इससे पहले उसकी शादी जुलाई 2017 में हुई थी और उसका पूर्व पति से दो साल बाद तलाक हो गया था और उस शादी से उसका एक बेटा है। ऐसे ही वर्तमान पति की भी दूसरी शादी है और दोनों की शादी सहमति से हुई थी। महिला ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित, मारपीट व सामान खुर्द-बुर्द करने के आरोप लगाए हैं।