सेंसेक्स 200 अंक गिरकर 82,450 पर कारोबार कर रहा:निफ्टी भी 50 अंक फिसला; बिकवाली के चलते IT शेयर्स सबसे ज्यादा 3% गिरे

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी सोमवार, 22 सितंबर को सेंसेक्स 200 अंक गिरकर 82,450 से स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 50 अंक की गिरावट है, ये 25,300 के स्तर पर है।

सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयरों में गिरावट है। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, HCL टेक, TCS के शेयरों में बिकवाली के चलते 4.5% तक की गिरावट है। अडाणी पोर्ट्स और पावर ग्रिड चढ़े हैं।

निफ्टी के 50 में से 27 शेयर्स गिरकर कारोबार कर रहे हैं। H-1B वीजा की फीस बढ़ोतरी के चलते आज IT शेयरों में बड़ी गिरावट है। NSE का IT इंडेक्स सबसे ज्यादा करीब 3% गिरा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ऐलान किया है कि H-1B वीजा आवेदक को अमेरिकी सरकार को एक लाख डॉलर (करीब 88 लाख रुपए) फीस चुकानी होगी। यह नियम 21 सितंबर 2025 से लागू हो गया है।

ग्लोबल मार्केट में मिलाजुला कारोबार

  • एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.52% ऊपर 45,729 पर और कोरिया का कोस्पी 0.77% ऊपर 3,471 पर कारोबार कर रहा है।
  • हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.03% गिरकर 26,270 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.043% नीचे 3,818 पर कारोबार कर रहा है।
  • 19 सितंबर को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.37% ऊपर 46,315 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 0.72% और S&P 500 में 0.49% की तेजी रही।

    19 सितंबर को घरेलू निवेशकों ने ₹2,105 ​​करोड़ के शेयर्स खरीदे

    • 19 सितंबर को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में 390.74 और घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 2,105.22 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
    • इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों ने ₹10,571.65 करोड़ के शेयर्स बेचे हैं। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान ₹38,324.69 करोड़ की नेट खरीदारी की है।
    • अगस्त महीने में विदेशी निवेशकों ने ₹46,902.92 करोड़ के शेयर्स बेचे हैं। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 94,828.55 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी किए।

    शुक्रवार को बाजार में गिरावट रही थी

    हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार, 19 सितंबर को सेंसेक्स 388 अंक गिरकर 82,626 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 97 अंक की गिरावट रही, ये 25,327 के स्तर पर बंद हुआ।

    आज के कारोबार में सरकारी बैंक, फार्मा और रियल्टी शेयरों में ज्यादा खरीदारी रही। वहीं, ऑटो, FMCG, मीडिया और IT शेयरों में बिकवाली रही।

E-Paper 2025