भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 9 जनवरी को गिरावट है। सेंसेक्स 400 अंकों की गिरावट के साथ 83,790 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 120 अंकों की गिरावट है। यह 25,750 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।
आज के कारोबार में रियल्टी और फॉर्मा शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट है। निफ्टी का रियल्टी इंडेक्स करीब 2.50% नीचे हैं। वहीं फार्मा इंडेक्स 1% नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं आईटी शेयरों में तेजी है। निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.30% ऊपर है।
ट्रंप के ग्लोबल टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला आज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगाए गए ग्लोबल टैरिफ की वैधता पर आज वहां की सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। इस फैसले का असर पूरी दुनिया के शेयर बाजारों पर पड़ना तय है, इसलिए निवेशक अलर्ट मोड पर हैं।
इसके अलावा अमेरिका में आज नॉन-फार्म पेरोल और बेरोजगारी के आंकड़े भी जारी होने हैं, जो फेडरल रिजर्व के अगले कदम की ओर इशारा करेंगे।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुख
- एशियाई बाजारों में कोरिया का कोस्पी 0.21% ऊपर 4,561 पर और जापान का निक्केई इंडेक्स 1.14% ऊपर 51,700 पर ट्रेड कर रहा है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.37% ऊपर 26,250 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.87% गिरकर 4,4,118 पर ट्रेड कर रहा है।
- 8 जनवरी को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.55% चढ़कर 49,266 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.44% गिरा। S&P 500 में 0.007% की तेजी रही।
इरेडा और तेजस नेटवर्क के तिमाही नतीजे आएंगे
तीसरी तिमाही (Q3) के कंपनियों के नतीजें आने शुरू हो गए हैं। सरकारी कंपनी इरेडा के साथ-साथ तेजस नेटवर्क, ग्लोबस स्पिरिट्स और ट्राइटन कॉर्प जैसी कंपनियां आज अपने तिमाही परिणाम जारी करेंगी। नतीजों के आधार पर इन शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।
भारत कोकिंग कोल का आईपीओ आज से खुला
मेनलाइन सेगमेंट में ‘भारत कोकिंग कोल’ (BCCL) का आईपीओ आज से आम पब्लिक के लिए खुल गया है। वहीं, SME सेगमेंट में डेफरेल टेक्नोलॉजीज का आईपीओ भी आज से खुला है।
विदेशी निवेशकों ने फिर बेचे ₹2,544 करोड़ के शेयर
- 8 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने ₹2,544.47 करोड़ के शेयर बेचे।
- इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹2,817.93 करोड़ के शेयर खरीदे।
- दिसंबर 2025 में FIIs ने कुल ₹34,350 करोड़ के शेयर्स बेचे। इस दौरान बाजार को संभाल रहे DIIs ने ₹79,620 करोड़ के शेयर खरीदे।
- नवंबर महीने में FIIs ने कुल ₹17,500 करोड़ के शेयर बेचे। जबकि, DIIs ने ₹77,084 करोड़ की खरीदारी की। यानी, बाजार को घरेलू निवेशकों का सपोर्ट है।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, ब्रेंट क्रूड 3% से ज्यादा महंगा
कमोडिटी मार्केट में आज कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। ब्रेंट क्रूड 3% से ज्यादा की उछाल के साथ 62 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। वहीं अमेरिकी क्रूड (WTI) भी 0.87% बढ़कर 58 डॉलर के पार कारोबार कर रहा है। हालांकि आने वाले दिनों में इसमें गिरावट आ सकती है।
एक्सपर्ट व्यू: फिलहाल सावधानी बरतने की सलाह
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि निफ्टी का 25,900 का लेवल टूटना एक कमजोर संकेत है। जब तक बाजार दोबारा इस स्तर के ऊपर नहीं आता, तब तक दबाव बना रह सकता है। अभी बहुत ज्यादा आक्रामक होकर खरीदारी न करें और ग्लोबल मार्केट के संकेतों का इंतजार करें। आईटी और मेटल जैसे सेक्टरों में अभी अस्थिरता बनी रह सकती है।
सेंसेक्स 780 अंक गिरकर 84,181 पर बंद हुआ था
शेयर बाजार में कल यानी 8 जनवरी को गिरावट रही। सेंसेक्स 780 अंक गिरकर 84,181 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 264 अंक की गिरावट रही, ये 25,877 पर बंद हुआ।
सुबह बाजार की शुरुआत नेगेटिव रही। शुरुआती कुछ घंटों में बाजार ने संभलने की कोशिश की, लेकिन अंतिम घंटों में मेटल, ऑयल और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली तेज हो गई।