सोना-चांदी के दाम में आज यानी 18 नवंबर को गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम सोना 744 रुपए गिरकर 1,22,180 रुपए पर आ गया है। इससे पहले सोने की कीमत 1,22,924 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
वहीं 3 कारोबारी दिनों में सोना 4,374 रुपए सस्ता हो चुका था। बीते गुरुवार यानी 13 नवंबर को सोना 1,26,554 रुपए पर था। सोने के दाम में शुक्रवार और सोमवार को भी गिरावट रही थी। वहीं शनिवार और रविवार को बाजार बंद था।
चांदी 1,227 रुपए गिरकर 1,53,706 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। इससे पहले इसकी कीमत 1,54,933 प्रति किलोग्राम थी। वहीं 3 कारोबारी दिनों में चांदी का दाम 9,024 रुपए कम हो चुका है। बीते गुरुवार को ये 1,62,730 रुपए पर थी।
IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है। कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं।
सोने-चांदी के दाम में गिरावट के कारण
- ग्लोबल टेंशन में कमी: सोना-चांदी को ‘सेफ-हेवन’ माना जाता है, यानी मुश्किल वक्त में लोग इन्हें खरीदते हैं। ग्लोबल टेंशन के कम होने से इसमें गिरावट आई है।
- प्रॉफिट-टेकिंग और ओवरबॉट सिग्नल: रैली के बाद निवेशक प्रॉफिट बुक कर रहे हैं। टेक्निकल इंडिकेटर्स जैसे रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) दिखा रहे थे कि कीमतें ओवरबॉट (कीमतें ज्यादा बढ़ जाना) जोन में पहुंच चुकी थीं। इसलिए ट्रेंड फॉलोअर्स और डीलर्स ने बिकवाली शुरू कर दी है।
इस साल सोना ₹46,018 और चांदी ₹67,689 महंगी हुई
- इस साल अब तक सोने की कीमत 46,018 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,22,180 रुपए हो गया है।
- चांदी का भाव भी इस दौरान 67,689 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,53,706 रुपए प्रति किलो हो गई है।
सोने के दाम में उतार-चढ़ाव की उम्मीद
एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में सोने के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि शादियों का सीजन चालू हो चुका है इससे सोने को सपोर्ट मिलेगा। इससे आने वाले दिनों में इसकी कीमत फिर एक बार 1.25 लाख रुपए तक जा सकती है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।