सोनीपत में दिनदहाड़े सिक्योरिटी गार्ड का अपहरण:ईको गाड़ी में डालकर ले गए बदमाश; OP जिंदल कंपनी में कार्यरत

सोनीपत जिले के राई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। युवक को उसके ही गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से झगड़े की रंजिश के चलते जबरदस्ती गाड़ी में डालकर उठा लिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑटो रिक्शा रुकवाकर किया अपहरण

राई के गांव जठेड़ी के रहने वाले कुलदीप ने बताया कि वह और उसका बेटा अर्जुन (21) दोनों ओपी जिंदल कंपनी, नरेला रोड सोनीपत में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। मंगलवार सांय लगभग 4:30 बजे गांव का ही हर्ष उनके पास पहुंचा और सूचना दी कि अर्जुन को कुछ लोगों ने उसकी ऑटो रिक्शा रुकवाकर जबरदस्ती सफेद रंग की ईको गाड़ी में डाल लिया और मारपीट करते हुए ले गए हैं।

झगड़े की रंजिश में उठाया

कुलदीप ने बताया कि वह और हर्ष तुरंत मैक्स सोसाइटी चौक पहुंचे, जहां पूछताछ में पता चला कि दोपहर के समय अर्जुन का बीसवां मील चौक, जीटी रोड पर “जोकर” नामक ईको ड्राइवर के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी झगड़े की रंजिश में जोकर और उसके साथियों ने अर्जुन की पिटाई करने के बाद उसका अपहरण कर लिया।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थाना राई के PSI नरेंद्र मौके पर पहुंचे और शिकायत प्राप्त करने के बाद प्राथमिक जांच की। मौके की परिस्थितियों और शिकायत की पुष्टि के आधार पर अर्जुन के अपहरण का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में धारा 140(3) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के दर्ज कर लिया है।

थाना राई पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद तफ्तीश शुरू कर दी है। केस की स्पेशल रिपोर्ट ईमेल और डाक के माध्यम से उच्च अधिकारियों व मजिस्ट्रेट को भेज दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी और अपहृत युवक की तलाश में टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच ASI नरेश की निगरानी में की जा रही है।

E-Paper 2025