सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के एक गांव में आपसी रंजिश को लेकर महिलाओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ममता की शिकायत पर पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार घर के बाहर खड़ी महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई, उसे घर से घसीटकर बाहर लाया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता के मेडिकल, शिकायत और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
घर के बाहर खड़ी थी महिला
पीड़िता ममता पत्नी प्रदीप के सिसाना-2 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच अपने घर के दरवाजे पर खड़ी होकर अपने पति से फोन पर घर के काम के बारे में बात कर रही थी। उस समय उसका पति राई स्थित अपनी निजी नौकरी पर गया हुआ था, जबकि सास-ससुर घर से बाहर और बच्चे स्कूल गए हुए थे।
इसी दौरान गांव की निक्का पत्नी आनंद वहां से गुजरते हुए पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगी।
चार महिलाओं ने की वारदात
पीड़िता के अनुसार कुछ ही देर में सोनिया पत्नी अशोक, शकुंतला पत्नी प्रकाश और रानी पत्नी बल्ले भी मौके पर पहुंच गईं। चारों महिलाओं ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उसे घर के अंदर से घसीटकर बाहर निकाला और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान उसकी चोटी भी पकड़कर खींची गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
राहगीरों ने छुड़ाया, अस्पताल में करवाया इलाज
ममता ने बताया कि शोर सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़वाया। कुछ देर बाद उसकी सास कमलेश घर पहुंची और घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खरखौदा लेकर गई, जहां उसका मेडिकल कराया गया।
डॉक्टरी रिपोर्ट और मेडिकल के आधार पर जांच
पुलिस के अनुसार 7 मार्च को सीएचसी खरखौदा से ममता का मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) प्राप्त हुआ था, जिसमें उसे चोट लगने की पुष्टि हुई और ऑर्थो सर्जन की राय के लिए रेफर किया गया। वहीं दूसरे पक्ष की महिला रानी पत्नी बलबीर ने भी एक एमएलआर पेश की, हालांकि उसने कोई लिखित शिकायत नहीं दी।
CCTV फुटेज आया सामने
पुलिस टीम ने गांव सिसाना-2 पहुंचकर पीड़िता के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की। फुटेज के अध्ययन और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को शिकायत के अनुरूप घटनाक्रम के हालात सही पाए गए।
चार महिलाओं के खिलाफ केस
खरखौदा थाना पुलिस ने ममता की लिखित शिकायत के आधार पर चारों आरोपित महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 333, 126(2), 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।